किसानसभा की कंडाघाट इकाई के तुंदल पंचायत में आयोजित सम्मेलन में हरी सब्जियों का समर्थन मूल्य घोषित करने की मांग की गई। सम्मेलन की अध्यक्षता राज्य किसानसभा के अध्यक्ष कुलदीप तनवर, सोलन जिला के सचिव प्यारे लाल वर्मा और उपप्रधान गणेशम कौशल ने की। सम्मेलन में जंगली जानवरों की वजह से किसानों को हो रहे नुकसान बारे चर्चा की गई।
साथ ही जिला सोलन में टमाटर आधारित उद्योगों, फल सब्जियों के समर्थन मूल्य, पंचायतों में मनरेगा कार्य और बेरोजगारी भत्ते की मांग सरकार से की। इसके अलावा तुंदल पंचायत के किसानों को दूध के उचित दाम न मिलने पर भी रोष प्रकट किया गया।
राज्य अध्यक्ष कुलदीप तनवर ने कहा कि सभा जंगली जानवरों की समस्याओं के निदान के लिए सरकार के समक्ष कई सुझाव रख चुकी है लेकिन इस पर कार्रवाई नहीं की जा रही। उन्होंने कहा कि इस समस्या के निदान के लिए सभा बड़े आंदोलन के लिए तैयार है। जिला सचिव ने कहा कि किसानों की मांगों को लेकर 19 दिसंबर को एसडीएम कंडाघाट के माध्यम से केंद्र राज्य सरकार को ज्ञापन भेजा जाएगा। इस मौके पर किसान सभा कंडाघाट इकाई का गठन भी किया गया। इसमें प्यारे लाल वर्मा प्रधान, योगेश शर्मा को सचिव नियुक्त किया गया।
इस मौके पर कंडाघाट खंड इकाई से निशा, सीता, योगेश, जोगेंद्र धीमान, जोगिंद्र, जय कृष्ण, सुशील, निशा, सीता, ओम प्रकाश, बलदेव, गीताराम, चंद्रदेव, चैन सिंह सहित तुंदल, बीशा, बाशा, सकोड़ी, बांजनी, झाजा, दंघील पंचायत के किसान सभा के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।