विजेता टीम को 31 और उपविजेता को 21 हजार का इनाम
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। बसाल हेलीपैड पर आयोजित बिजेश्वर देव क्रिकेट प्रतियोगिता अब अपने रोमांचक पड़ाव पर पहुंच गई है। मंगलवार को खेले गए मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। पहले सेमीफाइनल में शील्ड इलेवन ने बोहली को मात देकर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। वहीं, प्रतियोगिता के क्वार्टर फाइनल मुकाबले में नौणी की टीम ने एकतरफा प्रदर्शन करते हुए शांति टीम को 128 रनों के विशाल अंतर से हराकर सेमीफाइनल का टिकट कटाया। आयोजक कमेटी के सदस्य लोकेश बनाल, यमन और आयुष ठाकुर ने बताया कि बुधवार को कोठी देवरा और कमली इलेवन के बीच भिड़ंत होगी। इस मैच की विजेता टीम का मुकाबला सेमीफाइनल में नौणी से होगा। अंत में जो टीम जीतेगी, उसका फाइनल मुकाबला शील्ड इलेवन के साथ खेला जाएगा। समापन समारोह में समाजसेवी ब्रिज मोहन शर्मा बतौर मुख्यातिथि शिरकत करेंगे। वह विजेता टीम को 31,000 रुपये व ट्रॉफी और उपविजेता टीम को 21,000 रुपये व ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित करेंगे। इस प्रतियोगिता में कुल 32 टीमों ने हिस्सा लिया है। समापन के अवसर पर दोपहर 1 बजे से भव्य भंडारे का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें खिलाड़ियों के साथ स्थानीय ग्रामीण भी प्रसाद ग्रहण करेंगे। इस दौरान गौतम बनाल, दीपक ठाकुर समेत आयोजन समिति के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे।