कक्षा 6 से 9 एवं 11 के लिए सुबह 10 बजे होगी परीक्षा
संवाद न्यूज एजेंसी
दाड़लाघाट (सोलन)। दाड़लाघाट स्थित डीएवी अंबुजा विद्या निकेतन पब्लिक स्कूल में आगामी शैक्षणिक सत्र 2026–27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। विद्यालय प्रबंधन द्वारा 26 मार्च को प्रवेश परीक्षा का आयोजन किया जा रहा है। यह परीक्षा कक्षा 6 से 9 एवं 11वीं में प्रवेश लेने के इच्छुक विद्यार्थियों के लिए आयोजित होगी। प्रवेश परीक्षा 26 मार्च को प्रातः 10:00 बजे से विद्यालय परिसर में आयोजित की जाएगी। परीक्षा के दौरान विद्यार्थियों की शैक्षणिक योग्यता, विषय ज्ञान और बौद्धिक क्षमता का आकलन किया जाएगा। संबंधित कक्षा के स्तर के अनुसार विभिन्न विषयों से प्रश्न पूछे जाएंगे, जिसके आधार पर विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा।
विद्यालय प्रशासन ने अभ्यर्थियों को निर्धारित समय से पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचने के निर्देश दिए हैं। साथ ही विद्यार्थियों को पूर्व कक्षा की अंक तालिका एवं पासपोर्ट साइज फोटो जैसे आवश्यक दस्तावेज साथ लाने अनिवार्य किए गए हैं। विद्यालय प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि प्रवेश प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी एवं मेरिट आधारित होगी। अधिक जानकारी के लिए अभिभावक विद्यालय कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।