बरोटीवाला की दाड़वा पंचायत में दो दिवसीय मेले के शुभारंभ अवसर पर संबोधित करते सीपीएस राम कुमार च
सीपीएस ने दाड़वा पंचायत में दो दिवसीय मेले का किया शुभारंभ
संवाद न्यूज एजेंसी
बरोटीवाला(सोलन)। मुख्य संसदीय सचिव राम कुमार ने दाढ़वा पंचायत में दो दिवसीय मेले का शुभारंभ किया। उन्होंने क्षेत्र के लोगों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मेले हमारी समृद्ध संस्कृति के परिचायक भी हैं। प्रदेश सरकार की ओर से मेलों के संरक्षण पर विशेष बल दिया जा रहा है, ताकि भावी पीढ़ी अपनी संस्कृति को आत्मसात कर सके।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के कुशल नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने भारी वर्षा से प्रभावित लोगों के लिए बढ़ोत्तरी कर राहत पैकेज दिया है। राहत पैकेज के तहत भारी वर्षा के कारण पूरी तरह से क्षतिग्रस्त मकान मालिकों को दी जाने वाली राशि को बढ़ाकर 7 लाख तथा आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त मकानों के मालिकों को दी जाने वाली सहायता राशि को बढ़ाकर एक लाख रुपए किया गया है। दून विधानसभा के पहाड़ी क्षेत्रों में विकास कार्य चरणबद्ध तरीके से किए जा रहे हैं तथा प्रत्येक गांव तक सड़क व पक्के रास्तों का निर्माण उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने दाडवा, मरेटा, टिमली के लिए उठाऊ सिंचाई योजना तथा दाड़वा से धनेर के लिए पक्का मार्ग बनाने का आश्वासन भी दिया। इस अवसर पर मुख्य संसदीय सचिव ने दाडवां पंचायत में धौला से धार देवता धौला तक संपर्क मार्ग बनाने के लिए 3 लाख रुपये दाडवां पंचायत में मंदिर के नजदीक खेल मैदान निर्माण के लिए डेढ़ लाख रुपए विधायक निधि से देने की घोषणा की। इस अवसर पर दाढ़वा पंचायत प्रधान व खंड कांग्रेस दून के कार्यकारी अध्यक्ष रमेश ठाकुर, दाढ़वा मेला कमेटी प्रधान भारत भूषण तोमर, मेला कमेटी उप प्रधान मोहनलाल ठाकुर, मेला कमेटी के अन्य सदस्य धर्म सिंह, श्यामलाल, विजय ठाकुर समेत अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।