-विकास की बात-
आठ करोड़ से बन रहे भवन का 90 फीसदी तक कार्य हो चुका पूरा
120 विद्यार्थी कर रहे शिक्षा ग्रहण, कॉमर्स संकाय को मिली मंजूरी
राजेश गुप्ता
दाड़लाघाट (सोलन)। राजकीय महाविद्यालय दाड़लाघाट के नए भवन का निर्माण 90 प्रतिशत पूरा हो चुका है। करीब 8 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा भवन जुलाई 2026 के अंत तक कॉलेज प्रशासन को सौंपे जाने की संभावना है। इसके साथ ही प्रदेश सरकार ने कॉलेज में कॉमर्स संकाय को जारी रखने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया है, जिससे क्षेत्र के विद्यार्थियों और अभिभावकों को बड़ी राहत मिली है।
यह महाविद्यालय वर्ष 2017 में स्थापित हुआ था। लंबे समय से किराए के भवन में संचालित हो रहा है। नए भवन में आठ कक्ष, आठ लेक्चर हॉल, एक लाइब्रेरी और पांच प्रशासनिक कक्ष शामिल होंगे। कॉलेज में लगभग 120 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। इनमें 100 बीए और 20 बीकॉम के छात्र हैं। आधारभूत ढांचे की कमी के कारण पिछले वर्षों में छात्र संख्या में गिरावट भी दर्ज की गई थी।
कॉलेज सोलन और बिलासपुर जिलों की करीब 20 से 25 पंचायतों के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा देता है। नए भवन के बाद विद्यार्थियों को लगभग 30 किलोमीटर दूर अन्य महाविद्यालयों में नहीं जाना पड़ेगा, जिससे समय और आर्थिक दोनों स्तर पर राहत मिलेगी। कॉमर्स संकाय बंद होने की स्थिति में आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के विद्यार्थियों पर अधिक प्रभाव पड़ता, लेकिन अब यह आशंका समाप्त हो गई है।
कॉलेज ने सीमित संसाधनों के बावजूद शैक्षणिक और खेल गतिविधियों में अच्छा प्रदर्शन किया है। इसे राज्य स्तरीय रैंकिंग में 34वां स्थान प्राप्त हुआ है। पीएम-यूएसएचए योजना के तहत कॉलेज को पांच करोड़ रुपये की ग्रांट भी मिली है।
कॉमर्स संकाय को मिली मंजूरी
कॉमर्स संकाय को लेकर चल रहा असमंजस अब समाप्त हो गया है। उच्च शिक्षा विभाग ने इसे जारी रखने की अधिसूचना जारी की है। यह निर्णय विद्यार्थियों और अभिभावकों के लिए बड़ी राहत लेकर आया है। पहले छात्र संख्या कम होने के कारण इसके बंद होने की आशंका बनी हुई थी। लोगों ने यह मुद्दा विधायक संजय अवस्थी के समक्ष उठाया था, जिसके बाद मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के हस्तक्षेप से इसे जारी रखने पर सहमति बनी।
जल्द पूरा होगा निर्माण कार्य
भवन निर्माण लगभग 90 प्रतिशत पूरा हो चुका है। इसे जुलाई 2026 के अंत तक कॉलेज प्रशासन को सौंपने का लक्ष्य है। भवन में आठ कक्ष, आठ लेक्चर हॉल, एक लाइब्रेरी और पांच प्रशासनिक कक्ष तैयार किए जा रहे हैं। हालांकि लैब और सेमिनार हॉल की सुविधा अभी विकसित नहीं की गई है, जिन्हें भविष्य की जरूरतों के अनुसार तैयार किया जाएगा।
-बीआर कश्यप, सहायक अभियंता, लोक निर्माण विभाग
प्राचार्या रुचि रमेश ने कहा कि नया भवन कॉलेज के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। सीमित संसाधनों के बावजूद कॉलेज ने शैक्षणिक गुणवत्ता बनाए रखी है। अर्की के विधायक संजय अवस्थी ने कहा कि दाड़लाघाट कॉलेज क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण संस्थान है और सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में उच्च शिक्षा को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है।