बद्दी के क्योरटैक-कैलाश विहार रोड पर बंद नाली से सड़क पर बहता पानी। संवाद
- फोटो : 1
बंद नालियों और टूटी पाइपों ने बढ़ाई राहगीरों की दिक्कत
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी (सोलन)। औद्योगिक क्षेत्र बद्दी के क्योरटैक कैलाश विहार मार्ग पर व्यवस्थाएं पूरी तरह चरमरा गई हैं। टूटी पाइपलाइन और लंबे समय से बंद पड़ी नालियों के कारण यह मुख्य मार्ग अब किसी दलदल से कम नहीं नजर आता। आलम यह है कि यहां से गुजरने वाले वाहन चालकों से लेकर पैदल राहगीरों के लिए यह रास्ता सिरदर्द बन चुका है। रखरखाव के अभाव में उद्यमियों और स्थानीय निवासियों में प्रशासन के प्रति गहरा रोष है।काठा इंडस्ट्रियल एरिया से आने वाला पानी एचपीएसआईडीसी क्षेत्र की ओर बह रहा है, लेकिन नालियां बंद होने के कारण सारा गंदा पानी ओवरफ्लो होकर सड़क पर जमा हो रहा है। रही-सही कसर टूटी हुई पाइपों ने पूरी कर दी है, जिनमें मिट्टी और कचरा फंसने से जलभराव की स्थिति और भयावह हो गई है। यह मार्ग सामरिक रूप से काफी महत्वपूर्ण है क्योंकि यह काठा, जुड्डी, एचपीएसआईडीसी और डीआईसी क्षेत्रों को जोड़ने के साथ ही कैलाश विहार आवासीय कॉलोनी का मुख्य रास्ता भी है। इस मार्ग से क्योरटैक फार्मा, एमबीएम इंडस्ट्रीज, अप्पा स्वामी और मैंसा इंजीनियरिंग जैसी कई प्रमुख औद्योगिक इकाइयां जुड़ी हैं। सड़क की बदहाली के कारण मालवाहक वाहनों की आवाजाही में भी काफी परेशानी हो रही है। सड़क की दयनीय स्थिति पर संज्ञान लेते हुए बीबीएनडीए की सीईओ सोनाक्षी सिंह तोमर ने कहा कि क्योरटैक चौक के पास बंद पड़ी नालियों को जल्द साफ करवाया जाएगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि क्षतिग्रस्त पुलिया की मरम्मत का कार्य भी प्राथमिकता के आधार पर जल्द शुरू होगा ताकि लोगों को राहत मिल सके।