रामशहर स्कूल में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में प्रस्तुति देते हुए। संवाद
संवाद न्यूज एजेंसी
रामशहर (सोलन)। राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रामशहर में शनिवार को वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह बड़े धूमधाम के साथ मनाया गया। समारोह में स्टेट टीचर अवॉर्ड से सम्मानित सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य आदित्य कंसल और रामशहर पंचायत की प्रधान कृष्णा शर्मा ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपप्रधानाचार्य सुरेंद्र कुमार ने की। समारोह का मुख्य आकर्षण छात्राओं की ओर से प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम रहा। छात्रों ने पंजाबी भंगड़ा और पारंपरिक हिमाचली नाटी की प्रस्तुतियों से उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। इस दौरान पूरा विद्यालय परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। इस अवसर पर मुख्यातिथि ने शैक्षणिक सत्र और खेलकूद गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। कक्षाओं में अव्वल रहने पर वंशिका, योगेंद्र, सिमरन, प्रिया शर्मा, जानवी, तमन्ना, शिल्पा नेगी, शिवांश राणा, सादिया, दीक्षित, महक ठाकुर, अंमशी शर्मा, कृतिका और सुजाता नेगी को विशेष रूप से पुरस्कृत किया गया।