शहर के रोटरी चौक के पास टेलर की दुकान जलकर राख हो गई।
- फोटो : demopic
शहर के रोटरी चौक के पास टेलर की दुकान जलकर राख हो गई। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। इस आगजनी में दुकान में रखे कपड़े और सिलाई मशीनें भी नष्ट हो गईं। देर रात लगी आग की लपटें देखकर दमकल विभाग बद्दी को सूचित किया गया। सूचना मिलते ही एक टीम मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। साथ लगती दुकानों और रिहायशी मकानों को बचा लिया गया।
रोटरी चौक के पास द्वितीय तल पर स्थापित दुकान में राकेश सिंह पुत्र गुरदयाल सिंह टेलरिंग का काम करता है। अचानक आग लगने से इस दुकान में रखी मशीनें और अन्य सामान भी जल गया। दमकल विभाग बद्दी के अनुसार आग से दुकान में रखी कपड़े सिलने की आठ मशीनें, इंटरलॉकिंग की दो मशीनें, फ्यूजिंग और टेस्टिंग मशीन, कढाई करने वाली एक मशीन, पिको की एक मशीन सहित इलेक्ट्रिक मोटर, काउंटर सहित टेबल और सिलने वाले कपड़े, सिले जा चुके कपड़े और अन्य सारा सामान जलकर राख हो गया है। आग से करीब 12 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
दमकल विभाग बद्दी के लीडिंग फायरमैन मनसा राम की अगुवाई वाली टीम में फायरमैन मस्त राम, भाग सिंह, गृहरक्षक जवान सुरेंद्र, हेमचंद और चालक शेर सिंह एक वाहन सहित मौके पर पहुंचे और आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। दमकल विभाग बद्दी के अग्निशमन अधिकारी प्रकाश ने बताया कि आग लगने की सूचना पर टीम तुरंत मौके पर पहुंची तथा आसपास की 10 दुकानों, टैंट हाउसों सहित रिहायशी मकानों को बचा लिया गया। उन्होंने कहा कि आग लगने से 12 लाख का नुकसान हुआ है जबकि 1 करोड़ रुपये की संपत्ति को जलने से बचा लिया है।