शरारती तत्वों ने मलैहणी पंचायत कार्यालय में घुसकर रिकॉर्ड को जला दिया। कुछ अहम रिकॉर्ड की फाइलें गायब होने और छेड़छाड़ का भी अंदेशा है। मामला काफी संगीन माना जा रहा है। तर्क दिया जा रहा है कि पंचायत के दस्तावेजों को जिस तरह से कमरे में बिना किसी अन्य सामान को हाथ लगाए आग लगाई है इससे किसी बड़ी साजिश की आशंका है। सूचना मिलते ही प्रशासन और राजस्व अधिकारियों ने घटनास्थल का दौरा किया।
पंचायत प्रधान की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पंचायत दफ्तर के साथ ही राजस्व विभाग के दफ्तर से भी कुछ फाइलें गायब हैं।
थाना प्रभारी कमल ने बताया कि पंचायत प्रधान राजकुमारी की ओर से मिली शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है। फोरेंसिक टीम को भी मौके पर जांच के लिए बुलाया जा रहा है। मौके पर पहुंचे एसडीएम आशुतोष गर्ग ने कहा कि मामला सरकारी दस्तावेजों को नष्ट करने से जुड़ा है। इस संबंध में गहनता से जांच करने के निर्देश पुलिस को दिए हैं। साथ ही फोरेंसिक टीम से भी घटना की जांच को कहा है।
मौके से दोनों ताले गायब
तोड़े या खोले खुलासा नहीं
पुलिस के मुताबिक घटना का पता वीरवार सुबह पंचायत प्रतिनिधियों को लगा। स्पॉट में भी कई ऐसे साक्ष्य मिले हैं जिससे साफ है कि किसी घपले से बचने को लेकर इस वारदात को अंजाम दिया है। जानकारी के अनुसार यह भी साफ नहीं हो सका है कि पंचायत घर और पटवार कार्यालय के ताले को तोड़ा है या फिर दोनों को खोला गया है। शातिरों ने पूरी साजिश के तहत इस वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस को प्राथमिक जांच में मौके पर दोनों ही कमरों के ताले नहीं मिले हैं। अज्ञात लोगों ने पंचायत भवन के भीतर रखे सारे दस्तावेजी रिकॉर्ड को जला डाला। वहीं पटवार कार्यालय से भी कुछ दस्तावेज गायब हैं।
और एक दिन पहले जल गया रिकॉर्ड
हाल ही में पंचायत से एक कर्मचारी की ट्रांसफर भी हुई थी। स्थानांतरित किए व्यक्ति ने अभी पूरा रिकॉर्ड पंचायत में जमा नहीं करवाया था। इस बीच इस अग्निकांड में काफी रिकॉड जल गया है। ऐसे में काफी मुश्किलें पंचायत को झेलनी पड़ सकती हैं। वीरवार को ट्रांसफर हुए कर्मचारी ने रिकॉर्ड पंचायत को सौंपना था। लेकिन इससे ठीक एक दिन पहले रात को अज्ञात लोगों ने रिकॉड को जला दिया। लोगों का कहना है कि पटवार सर्किल दफ्तर से भी फाइलें गायब होने से लगता है कि यह शरारती तत्वों की करतूत है।
पंचायत में रखा जाता है ये रिकॉर्ड
पंचायत दफ्तर में प्रोसिंडिंग बुक, मस्ट्राल रजिस्टर, वर्क रजिस्टर, राशनकार्ड रजिस्टर, परिवार रजिस्टर, जन्म मृत्यु पंजीकरण रजिस्टर, कैश बुक, पशु रजिस्टर समेत कुल 25 तरह के रिकॉर्ड को पंचायत में रखा जाता है।