बददी के एक ट्रांसपोर्ट व्यवसायी से दो युवकों ने फिल्मी स्टाइल में योजना बनाकर तीन लाख रुपये से भरा बैग छीन लिया। वारदात को उस वक्त अंजाम दिया गया जब कारोबारी ने अपने निजी कर्मचारी को पैसों से भरे बैग को गाड़ी में रखने को कहा।
बैग में करीब तीन लाख रुपये थे। इस बीच दो नकाबपोश बाइक पर सवार होकर पहुंचे और बैग छीनकर फरार हो गए।
बद्दी पुलिस ने दो घंटे के भीतर ही दोनों को दबोच लिया है। पकड़े गए तीन आरोपियों में दो छात्र हैं। इस चोरी की घटना में व्यवसायी के पास काम करने वाला युवक उनसे मिला हुआ था।
पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश किया जहां से उन्हें पुलिस रिमांड पर भेज दिया। एसपी बिशेर सिंह ने बताया कि पुलिस ने धारा 382 व 34 के तहत नीरज, राजकुमार और लव कुश को गिरफ्तार कर तीन लाख रुपये कब्जे में ले लिए हैं। उन्होंने बताया कि चोरों की बाइक को भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।
कब क्या हुआ : ताक में थे शातिर
रात दस बजे : चंडीगढ़ के ट्रांसपोर्ट व्यवसायी सिद्धांत जिंदल बद्दी टोल बैरियर के पास अपने गोदाम से काम समाप्त करने के बाद हर रोज की भांति अपने घर चंडीगढ़ जा रहे थे। उन्होंने अपने कर्मचारी नीरज को पैसों का बैग गाड़ी में रखने को कहा। जैसे ही नीरज बैग लेकर गाड़ी के पास पहुंचा, वहां पहले से खड़ी एक बाइक पर सवार दो युवकों ने बैग छीना और भाग गए।
कर्मचारी ने शुरू किया नाटक
12 बजे धरे शातिर : नीरज ने घटना के तुरंत बाद शोर मचाने का नाटक किया। कारोबारी ने तुरंत सूचना पुलिस को दी। पुलिस को समय पर सूचना मिलने पर पूरे बद्दी की नाकाबंदी कर दी गई। पंजाब और हरियाणा से सटे बार्डर सील कर दिए गए। पुलिस ने धरपकड़ शुरू कर दी। करीब दो घंटे के भीतर 12 बजे पुलिस ने दोनों लुटेरों को पकड़ लिया।
एएसपी बोले, इस
तरह बनाया प्लान
एएसपी गौरव सिंह ने बताया कि इस मामले में व्यवसायी का कर्मी नीरज मिला हुआ था। नीरज ने अपने साथी राज कुमार (19) और लव कुश (18) को इसके बारे में जानकारी दी थी। पहले ही निर्धारित कार्यक्रम के तहत राजकुमार बाइक लेकर व्यवसायी के कार्यालय के बाहर खड़ा था। जैसे ही नीरज पैसों से भरा हुआ बैग लेकर आया इन लोगों ने उससे बैग लिया और फरार हो गए।
पहले भी हो चुके हैं मामले
2015 में नालागढ़ में एक कारोबारी की दुकान के काउंटर से दो शातिर बैग छीनकर फरार हो गए थे। इसमें 12 लाख रुपये थे। शातिरों को पुलिस ने कुछ अरसे के बाद पकड़ लिया था। 2014 में बसंती बाग में सिद्धांत अस्पताल के पास लुटेरों ने सुुनार को गोली मारकर सोना चांदी लूट लिया था। वहीं इसी साल एटीएम गार्ड को बंधक बनाकर लाखों रुपये लुटेरे ले गए थे। बद्दी के हाउसिंग बोर्ड कालोनी मेें चैन स्नैचिंग के मामले पहले भी हो चुके हैं।