एटीएम चोरों के निशाने पर हैं और पुलिस सुरक्षा तथा गश्त के नाम पर आंखें मूंदी बैठी है। बरोटीवाला में 11 लाख रुपये के साथ एटीएम की लूट के मामले के बाद सोलन के सुल्तानपुर में फिर से एटीएम को उखाड़ने की कोशिश हुई। लेकिन एक जागरूक नागरिक की वजह से यह लूट नाकाम साबित रही।
रात करीब 3.30 बजे वारदात को अंजाम दे रहे शातिरों को मकान मालिक के शोर मचाने पर गैस वेल्डिंग का सामान छोड़कर भागना पड़ा। उधर पुलिस को समय पर सूचना देने के बावजूद शातिर पुलिस की पकड़ में नहीं आ सके। ऐसे में पुलिस की गश्त को लेकर भी सवालिया निशान खड़े हो रहे हैं। हालांकि कैश सही सलामत है।
पुलिस के अनुसार सुल्तानपुर स्थित मानवभारती के पास लगे एटीएम में बुधवार देर रात साढ़े तीन बजे चोरी की कोशिश हुई है। महिंद्र पुत्र ईश्वर दास गांव खलोगड़ा डाकघर सुल्तानपुर तहसील एवं जिला सोलन ने रिपोर्ट दर्ज करवाई कि उसका अपना तीन मंजिला मकान निजी विवि लाडो के पास है। इसमें यूनियन बैंक आफ इंडिया का एटीएम लगा हुआ है।
रात समय करीब साढ़े तीन बजे उसे आवाजें सुनाई दी। उसने देखा तो चार नकाबपोश एटीएम तोड़ने की कोशिश कर रहे थे, उसने शोर मचाना शुरू कर दिया। जैसे उसने अपना दरवाजा खोला तो देखा कि एटीएम मशीन के साथ सड़क पर एक पीबी नंबर का वाहन खड़ा था। इसमें चार व्यक्ति एटीएम मशीन के पास से दौड़कर गाड़ी में बैठकर कुमारहट्टी की तरफ भाग गए। एटीएम के पास आए तो देखा कि एटीएम का अगला हिस्सा खुला था तथा निचले हिस्से को गैस कटर से काट रहे थे और गैस का काफी धुआं था। उधर मामले की सूचना पुलिस को दी गई लेकिन पुलिस शातिरों को दबोचने में नाकाम रही है। एसपी अंजुम आरा ने कहा कि इस संदर्भ में पुलिस ने मुकदमा दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है।
पहले तोड़े एटीएम के सीसीटीवी कैमरे
शातिरों ने वारदात को अंजाम देने से पहले सीसीटीवी कैमरे तोड़े। इसके बाद तसल्ली से गैस वेल्डिंग लेकर एटीएम को काटने की कोशिश करने लगे। एटीएम में सुरक्षा गार्ड नहीं था। हालांकि हाल ही में हुई बैठक में एसपी सोलन ने एटीएम मशीनों में सुरक्षा गार्ड तैनात करने की हिदायत बैंक प्रबंधनों को दी थी।
बरोटीवाला लूट से समानता, क्या कनेक्शन है?
चर्चा है कि बरोटीवाला में 11 लाख कैश से भरे एटीएम लूट के मामले का कनेक्शन इस वारदात से हो सकता है। आशंका जताई जा रही है कि शायद दोनों वारदातों को एक ही गिरोह ने अंजाम दिया हो। हैरत है कि बरोटीवाला में एटीएम लूट की वारदात को अंजाम देने वालों की तरह यहां भी 4 नकाबपोश थे जबकि सुल्तानपुर में एटीएम को तोड़ने की कोशिश में भागे शातिर भी चार थे। बरोटीवाला में भी प्रत्यक्षदर्शी महिला के मुताबिक वैन पीबी नंबर की थी।
कहां गई पुलिस की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था
बरोटीवाला में एटीएम की लूट के बाद सोलन से लेकर बद्दी तक पुलिस की सुरक्षा कड़ी होनी चाहिए थे। पुलिस की टीमें पहले हुई वारदात को लेकर छानबीन भी कर रही थीं। ऐसे में एक और एटीएम को लूटने की कोशिश से पुलिस विभाग की स्मार्टनेस की पोल खुल गई है। कुमारहट्टी में अगर जागरूक नागरिक दलेरी न दिखाता तो शायद शातिर यहां भी एटीएम लूट में कामयाब हो जाते। वहीं वारदात के बाद पुलिस को सूचना दे दी जाती है। लेकिन इसके बावजूद शातिर पुलिस को गच्चा देकर वहां से निकल जाते हैं।