फेक आईडी पर सिम कार्ड खरीदकर इसका दुरुपयोग रोकने के लिए दाड़लाघाट और अर्की पुलिस ने 29 तक विशेष अभियान छेड़ा है। पुलिस को अंदेशा है कि क्षेत्र में काफी बड़े पैमाने पर फर्जी आईडी पर सिम कार्ड जारी किए गए हैं। लिहाजा डीएसपी दाड़लाघाट ने इस मामले में इलाके के सभी थानाध्यक्षों को आदेश जारी कर फेक आईडी पर जारी हुए मोबाइल सिम कार्डों को उपलब्ध करवाने वालों का पता लगाकर उन पर कार्रवाई करने को कहा है। डीएसपी दाड़लाघाट नरवीर सिंह राठौर ने बुधवार को दाड़लाघाट और अर्की में स्थानीय रोड सेफ्टी क्लब के सदस्यों और मोबाइल सिम कार्ड विक्रेताओं के साथ बैठक की।