बद्दी में प्लास्टिक केन बनाने वाली एक कंपनी में कामगार की संदिग्ध हालत में मौत हो गई है। कामगार ड्यूटी पर तैनात था। अचानक सीने में दर्द उठने पर उसे बद्दी चिकित्सालय लाया गया। लेकिन, उसने दम तोड़ दिया। पुलिस के अनुसार संतोष कुमार (45) झारखंड के बकरो जिले के नोटंडी गांव का रहने वाला था। वर्धमान मार्केट में किराये के मकान में रह रहा था। संतोष शनिवार रात को ड्यूटी करने कंपनी गया। लगभग 3 बजे उसके सीने में दर्द उठा और कंपनी के लोग उसे निजी अस्पताल में उपचार के लिए ले गए और उसका प्राथमिक उपचार कराया। जब संतोष को कंपनी वापस लाया जा रहा था, तो एक बार फिर उसके सीने में दर्द उठा। उसे बद्दी सीएचसी लाया गया, जहां डॉक्टर ने संतोष को मृत घोषित कर दिया। उधर, एसपी विशेर सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि शव का पोस्टमार्टम करने के बाद बिसरा जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल पाएगा।