चायल (सोलन)। कुरगल-सोलन मार्ग के दोची स्थान के समीप टिप्पर को पास देते समय कार गहरी खाई में गिर गई, जिससे युवक की मौत हो गई है, जबकि उसके चार वर्षीय बच्चे को एक खरोंच भी नहीं आई है।
बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त बाप ने बेटे को कार की खिड़की से बाहर फेंक दिया और उसको बचा लिया। वहीं कार में एक अन्य सवार को चोटें पहुंची हैं। पुलिस ने घटनास्थल का दौरा कर मामले की जांच शुरू कर दी है। कार में कुल तीन लोग सवार थे।
पुलिस के मुताबिक हादसा बुधवार सुबह करीब 11 बजे हुआ है। मृतक 31 वर्षीय आशुतोष पुत्र रमेश दत्त निवासी कुरगल अपने चार साल के बेटे वैभव के साथ कार में सोलन की तरफ आ रहा था। राह में एक कामगार ने उनसे लिफ्ट ली। कुछ समय बाद वह दोची पहुंचे। सामने से सोलन अश्वनी खड्ड की ओर एक टिप्पर आ रहा था। उसी को पास देते देते कार खाई की तरफ लुढ़कने लगी। चार वर्षीय बेटा उसके साथ बैठा था। आशुतोष ने तुरंत बच्चे को उठाकर कार के बाहर फेंक दिया। इसी बीच कार खाई में जा लुढ़की। स्थानीय लोगों ने घायलों को सोलन अस्पताल पहुंचाया, जहां पर आशुतोष ने दम तोड़ दिया, जबकि 32 वर्षीय उमा दत्त निवासी दोची घायल है, वह अस्पताल में ही भर्ती है। वहीं चार वर्षीय वैभव को एक खरोंच भी नहीं पहुंची है।
पुलिस कर रही मामले की जांच
उधर, एसएचओ कंडाघाट कमल शर्मा ने बताया कि कार का खाई में गिरने का कारण चालक की लापरवाही बताई जा रही। पुलिस मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। शव पोस्टमार्टम करने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।