लोअर बाजार में फटा गैस कंप्रेेसर, बाल-बाल बचा कामगार
धमाके की आवाज से दहला मोहल्ला, आसपास घरों में सुनाई दी आवाज
अमर उजाला ब्यूरो
सोलन। लोअर बाजार में सुबह के समय साइकिल की दुकान में गैस कंप्रेसर फट गया। इससे दुकान के अंदर काम करने वाले कामगार की जान बाल-बाल बची। धमाके के साथ कंप्रेसर के चिथड़े उड़ गए। साथ ही दुकान के अंदर रखे सामान को भी नुकसान हुआ है।
लोअर बाजार में सोमवार को सुबह करीब 10 बजकर 15 मिनट पर दुकान के भीतर रखा कंप्रेसर अचानक से फट गया। गनीमत रही कि दुकान के अंदर काम करने वाले संजू की जान बच गई। इस समय घटना घटी उस समय संजू ने कंप्रेसर को अभी बंद ही किया था और कुछ समय के लिए बाहर चला गया। धमाका इतना जबरदस्त था कि पड़ोसियों के घर भी हिल गए। धमाका होने के बाद साथ के पड़ोसी ने दुकान में धमाके के होने की सूचना मालिक को दी। कंप्रेसर का धमाका इतना जोरदार था कि दुकान की दीवारों में भी दरारें आ गई हैं। इसी के साथ पानी की पाइप, साइकिल के साथ रखे रिम को भी नुकसान हुआ है। दुकान के मालिक राजेंद्र शर्मा की पत्नी मोनिका ने बताया कि सुबह के समय में काम करने वाले संजू ने रोज की तरह दुकान को खोला था। थोड़ी देर कंप्रेसर को चलाने के बाद बंद कर दिया। उसके बाद किसी ग्राहक के आने पर वो जैसे ही बाहर गया तो अचानक से गैस कंप्रेसर फट गया। साथ ही दुकान के सामान के साथ दीवारें तक टूट गईं। थाना प्रभारी रविंद्र कुमार का कहना है कि इस बारे में दुकानदार ने पुलिस को सूचना नहीं दी है।