धर्मपुर (सोलन)।
कसौली और धर्मपुर में रविवार को भी अनधिकृत निर्माण तोड़ने का काम जारी रहा। सुबह से ही सभी होटलों पर पुलिस का कड़ा पहरा रहा। पुलिस कर्मचारी हथियारों से लैस दिखे। जिला प्रशासन की ओर से डीसी विनोद कुमार, एसडीएम आशुतोष गर्ग, जिला पुलिस अधीक्षक मधुसूदन शर्मा, एएसपी शिव कुमार व पुलिस अधिकारियों ने इन होटलों का दौरा किया। जिन होटलों पर रविवार को कार्रवाई जारी रही उनमें कसौली रोड धर्मपुर के बीच 5, कालका शिमला हाईवे पर 5 और कसौली के 3 होटल शामिल हैं।
पुलिस का कड़ा सुरक्षा पहरा
हर होटल के बाहर पुलिस का कड़ा पहरा है। यहां पर जुनगा, आईबीआरएन, स्पेशल रेस्क्यू टीमों ने भी मोर्चा संभाल रखा है। बाहरी जिलों से आई टीमें सुरक्षा के लिए हर जगह तैनात है। सुप्रीम कोर्ट के आदेशानुसार मंगलवार से होटलों में अवैध निर्माण को तोड़ने के लिए गई महिला अधिकारी की गोली मार कर हत्या के बाद पुलिस ने कसौली और धर्मपुर में सतर्कता बढ़ा दी है। कसौली चौक पर भी पुलिस बल तैनात रहा। धर्मपुर और कसौली में हथियार लेकर निकलने पर भी पाबंदी लगा दी गई है। अवैध निर्माण को तोड़ने के लिए कार्य जोरों-शोरों के साथ किया जा रहा है। जल्द से जल्द अवैध निर्माण को गिराने का कार्य किया जा रहा है।
एसपी मधुसूदन शर्मा ने कहा कि पुलिस कानून व्यवस्था को बनाए हुए है। हर होटल पर कड़ी सुरक्षा का पहरा बैठाया गया है। खास तौर पर नारायणी गेस्ट हाउस और होटल शिवालिक के विपरीत साइड पर पहाड़ी के ऊपर भी पुलिस बल की तैनाती की गई है।
होटल मालिक देवेंद्र भंडारी और वेद गर्ग ने कहा कि सरकारी विभागों द्वारा गलत रिपोर्ट एनजीटी में पेश करने के कारण सुप्रीम कोर्ट ने यह कारवाई की। उनका कहना है कि कार्रवाई एक तरफा है। उन्होंने कहा कि अपनी पूरी जिंदगी अपने कारोबार पर लगा दी है लेकिन आज इसे कोर्ट द्वारा अवैध बताकर जिंदगी की कमाई को ढहाया जा रहा है।