दाड़लाघाट में मकान, गोशाला पर गिरी चट्टान
गोशाला और मकान का एक कमरा ध्वस्त, प्रधान और पटवारी ने लिया जायजा
अमर उजाला ब्यूरो
दाड़लाघाट (सोलन)। दाड़लाघाट पंचायत में सुरेश कुमार पुत्र संत राम का एक कमरा भारी चट्टान गिरने से ध्वस्त हो गया। वहीं सुरेश कुमार की गोशाला भी पूर्णतया नष्ट हो गई है। गनीमत रही कि सुरेश कुमार ने अपनी पशुशाला से अपने मवेशी रात्रि नौ बजे ही बाहर निकाल दिए थे। देर रात एक बड़ी चट्टान उनकी गोशाला के ऊपर से होती हुई नीचे एक साथ कमरे में घुस गई। इससे एक कमरा और गोशाला में मलबा और चट्टानों के गिरने से काफी नुकसान पहुंचा है। प्रशासन ने दाड़ला पुलिस थाना से पुलिस बल ने मौके पर जाकर नुकसान का मुआयना किया। जैसे ही लोगों को पहाड़ी से बड़ी चट्टानें गिरने की खबर मिली, लोग एकत्रित होकर मौके पर पहुंच गए। उन्होंने वहां यथासंभव मदद की। पंचायत प्रधान सुरेंद्र शुक्ला ने बताया कि सुरेश कुमार की गोशाला और रसोई के ऊपर चट्टानें गिरने से काफी नुकसान हुआ है जिसका आकलन पटवारी से करवाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि राजस्व विभाग प्रभावित परिवार को पूरी मदद दी जाएगी। उन्होंने कहा कि नुकसान के संबंध में एसडीएम को भी अवगत करवाया जाएगा।