कामगारों का ईपीएफ नहीं करवाया है जमा
एक करोड़ रुपये के गबन का है यह मामला
अमर उजाला ब्यूरो
बद्दी (सोलन)।
औद्योगिक क्षेत्र बीबीएन के तहत साईं रोड बद्दी स्थित एक कंपनी में कामगारों के कर्मचारी भविष्य निधि (ईपीएफ) के एक करोड़ रुपये गबन के मामले में पुलिस ने एक और व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। उद्योग के 500 से अधिक कामगारों के ईपीएफ के करीब एक करोड़ रुपये के घोटाले के मामले में पुलिस मुख्य आरोपी को पहले ही पकड़ चुकी है।
अब उसके सहयोगी उद्योग के उपाध्यक्ष को पुलिस ने पकड़ा है। वर्ष 2016 में दर्ज इस मुकदमे पर पुलिस ने गंभीरता से संज्ञान लिया। हाई प्रोफाइल इस मामले को सुलझाने के लिए पुलिस ने उद्योग के एमडी और वाइस प्रेजीडेंट को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक ईपीएफ घोटाले के मुख्य आरोपी स्टेस्लिट कंपनी के प्रबंध निदेशक विजय कुमार पब्बी (69) पुत्र नत्था सिंह निवासी मोहाली की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने बद्दी में रह रहे उद्योग के उपाध्यक्ष मिहीर रंजन दास पुत्र सीआर दास निवासी कोलकता को गिरफ्तार किया है। इसे पुलिस अदालत में पेश करेगी।
पुलिस में 27 अक्टूबर 2016 को भादसं 406 व 409 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। यह मामला ईपीएफ अथारिटी ने दर्ज करवाया है। अथारिटी के मुताबिक कंपनी के कामगारों का ईपीएफ काटने के बाद जमा नहीं करवाया गया। कंपनी के एमडी को कई बार नोटिस भी दिए लेकिन जवाब न मिलने पर मुकदमा दर्ज किया गया। एसपी गौरव सिंह ने कहा कि मामले में उद्योग के एमडी की गिरफ्तारी के बाद उद्योग के उपाध्यक्ष को भी अरेस्ट कर लिया है। इसे अदालत में पेश किया जाएगा।