अर्की(सोलन)। अर्की-सोलन मार्ग पर कोलका के समीप एक ट्रक की टक्कर से महिला गंभीर घायल हो गई। चालक ट्रक के साथ मौके से फरार हो गया। वहीं पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार कोलका निवासी मीरा देवी पत्नी कर्मचंद ने अपनी शिकायत में बताया कि जब वह गोशाला से पशुओं को चारा देकर अपने घर वापिस आ रही थी। इसी दौरान पीछे से ट्रक आया और उसे टक्कर मारकर मौके से फरार हो गया।
इसके बाद सड़क से गुजर रही एक अन्य गाड़ी में मौजूद लोगों ने महिला को स्थानीय अस्पताल पहुंचाया जहां से महिला को आईजीएमसी शिमला रेफर कर दिया गया। इसके बाद महिला और उसके परिजनों ने इसकी शिकायत पुलिस थाना में की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। डीएसपी दाड़लाघाट अमित शर्मा ने मामले की पुष्टि की है।