बद्दी (सोलन)। जिला पुलिस बद्दी के तहत रामशहर में एक व्यक्ति ने गेहूं की खेती की आड़ में अफीम की खेती कर डाली। रामशहर थाना अजीत कुमार की अगुवाई वाली टीम ने इस गोरखधंधे का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर अफीम के पौधे उखाड़े और इनकी गणना कर इन्हें जब्त कर लिया। अफीम के 468 पौधे पुलिस ने बरामद किए हैं। डीएसपी नालागढ़ अनिल वर्मा मौके पर पहुंचे और तुरंत राजस्व विभाग की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। इसमें नायब तहसीलदार और पटवारी भी वहां पहुंच गए। रामशहर थाना पुलिस की एक टीम बेरी दा घाट की ओर जा रही थी तो पुलिस की टीम को गेहूं की फसल के बीच अफीम के पौधे लगे मिले। इस पर पुलिस और राजस्व विभाग के आला अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर गहनता से पड़ताल की। पुलिस ने आरोपी मान सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। एसपी रानी बिंदू सचदेवा ने कहा कि यह अफीम की खेती कब से हो रही है, इसके बारे में पुलिस पूछताछ करने में जुटी है। आरोपी को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।