सोलन। शामती गोलीकांड में युवक की मौत के बाद अब मामला तूल पकड़ने लगा है। बुधवार को शामती के लोगों ने डीसी सोलन के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की। इसमें बताया गया कि जिला मुख्यालय से करीब चार किमी दूर हुए गोलीकांड से सोलन शहर के साथ पूरे हिमाचल प्रदेश में दहशत का माहौल है। लोगों में ऐसी घटनाओं के प्रति रोष है। बताया कि स्थानीय लोगों ने शांति बनाए रखते हुए अभी तक पुलिस को अपना पूरा सहयोग दिया है लेकिन पुलिस के हाथ खाली है। ग्रामीणों ने पुलिस सहित स्थानीय प्रशासन को आरोपियों को गिरफ्तार, तलाश और सुराग प्राप्त करने के लिए दो दिन का समय दिया है। साथ में चेताया है कि यदि इन दो दिन में पुलिस कोई सुराग नहीं लगा पाई तो तीन पंचायतों के लोग जिला प्रशासन घेराव सहित चक्का जाम करने को मजबूर होंगे।
स्थानीय लोगों ने कहा कि इस घटना ने पूरे प्रदेश को हिलाकर रख दिया है। पंचायतों ने स्थानीय प्रशासन और पुलिस को कई बार शामती, मझगांव, नजदीक सीनियर सेकेंडरी स्कूल कोठो और ओच्छघाट की सड़कों तथा स्कूलों के आसपास खुले में नशा करने वालों की शिकायत की थी। उन्होंने शामती में सीसीटीवी कैमरा लगाने और पुलिस गश्त करने की मांग की लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसी अनदेखी का परिणाम अब सबके सामने है। स्थानीय प्रशासन और सरकार के रवैये को लेकर भी जनता में रोष है। पुलिस प्रशासन को छोड़कर स्थानीय प्रशासन का कोई भी अधिकारी, स्थानीय एमएलए, मंत्री और अन्य कोई सरकार का नुमाइंदा पीड़ित परिवार से मिलने तक नहीं आया। इस मौके पर उप प्रधान विकास ठाकुर, पवन गुप्ता, नरेंद्र, बिंदू , अभय, रविंद्र परिहार, विक्की, सोनी, सुमी, जितेंद्र, अजय भट्टी, नितीश, तिलक, देवी चंद, जग्गी, मोनू, हन्नी, पंकज, विक्रम, मनोज और अन्य लोग मौजूद रहे।