बद्दी (सोलन)। बहुचर्चित ढाई करोड़ की उधारी शराब मामले में गिरफ्तार किए चार ठेकेदारों का पुलिस रिमांड बढ़ गया है। शनिवार को पुलिस ने इन ठेकेदारों को अदालत में पेश किया जहां से उन्हें सोमवार तक के तीन दिन के अतिरिक्त पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। मुख्य आरोपी ईटीआई को पहले ही न्यायिक हिरासत मिल चुकी है। पुलिस इस मामले में अन्य सात नामजद आरोपियों की भी जल्द गिरफ्तारी करेगी। मामले के सुर्खियों में आने के बाद और ईटीआई मामले के मुख्य आरोपी ईटीआई अंकुश चौहान निवासी नगरोटा बांगवा जिला कांगड़ा की गिरफ्तारी के बाद चार ठेकेदारों भूपिंद्र सिंह पुत्र प्रेम सिंह निवासी गांव गंगर हंडोला, तहसील बंगाणा, जिला ऊना, राकेश शर्मा पुत्र रामस्वरूप निवासी गांव उपरला बसाल, तहसील एवं जिला ऊना, चंचल कुमार पुत्र रामदास निवासी गांव एवं डाकघर पंजावर, तहसील हरोली जिला ऊना, जोगिंद्र लाल पुत्र जीवन लाल निवासी गांव एवं डाकघर रायपुर, तहसील एवं जिला ऊना को गिरफ्तार किया जा चुका है।
बद्दी के सनसिटी के समीप एल-एक शराब के गोदाम में यह गोरखधंधा हुआ है। यहां पर ईटीओ का पद होने के बावजूद ईटीआई की तैनाती की थी। यहां कार्य ऑनलाइन न होकर ऑफलाइन होता रहा। ऑडिट में इस गोरखधंधे का पर्दाफाश हुआ था। एसपी राहुल नाथ ने कहा कि चार ठेकेदारों को शनिवार को दोबारा अदालत में पेश किया गया। यहां से उन्हें सोमवार तक तीन दिन का अतिरिक्त पुलिस रिमांड मिला है। उन्होंने कहा कि इस मामले में सात नामजद अन्य ठेकेदारों की गिरफ्तारी की जा रही है।