अमर उजाला ब्यूरो
धर्मपुर (सोलन)। पुलिस थाना धर्मपुर के तहत कालका-शिमला हाईवे पर बुधवार देर रात कार और बाइक की टक्कर में बाइक सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद विजय कुमार पुत्र मोहन लाल निवासी गांव नौण डाकघर धर्मपुर जिला सोलन ने मामला दर्ज करवाया है।
विजय ने बताया कि यह हवेली रेस्टोरेंट सुक्की जोहड़ी धर्मपुर में कुक हेल्पर का काम करता है। जब वह रेस्टोरेंट से ड्यूटी समाप्त होने पर पैदल घर जा रहा था तो पड़ाव धर्मपुर की तरफ से परवाणू जा रही एक कार और एक बाइक जो सुक्कीजोहड़ी से पड़ाव की ओर जा रही थी, में टक्कर हो गई। मोटरसाइकिल चला रहे राम दयाल समेत संजय और संजीव कुमार निवासी धर्मपुर को सड़क दुघर्टना में काफी चोटें आई हैं।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धर्मपुर में प्राथमिक उपचार के बाद दयाल को पीजीआई और संजय और संजीव को मेडिकल कॉलेज सेक्टर-32 चंडीगढ़ के लिए रेफर किया है। पुलिस थाना धर्मपुर के प्रभारी दयाराम ठाकुर ने कहा कि पुलिस में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।