अमर उजाला ब्यूरो
सोलन। चायल की पंचायत हिन्नर में एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस को व्यक्ति का शव चाकला गांव के रास्ते में मिला है। मामला वीरवार सुबह का है। पुलिस ने स्थानीय लोगों की सहायता से उक्त व्यक्ति को क्षेत्रीय अस्पताल सोलन पहुंचाया है। यहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हालांकि, अभी पुलिस को उक्त व्यक्ति की मौत के सही कारणों का पता नहीं चल सका है जिसकी जांच पुलिस कर रही हैं। इसका खुलासा पोस्टमार्टम की रिपोर्ट में हो सकता है।
पुलिस के अनुसार चाकला गांव का राकेश कुमार जोकि चाकला हिन्नर मार्ग पर गिरा पड़ा हुआ था। इसके बाद इसकी सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर स्थानीय लोगों की सहायता से उक्त व्यक्ति को क्षेत्रीय अस्पताल सोलन पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया।
अब पुलिस पुलिस दोनों पहलुओं से जांच कर रही है कि उक्त व्यक्ति की हत्या हुई है या प्राकृतिक मौत हुई है। उधर एएसपी सोलन शिव कुमार ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। मौत के सही कारणों की जांच की जा रही है। मृतक का पोस्टमार्टम कर शव परिजनों के हवाले कर दिया जाएगा।