सोलन। औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान सोलन (आईटीआई) में बुधवार को खूब हंगामा बरपा। मामला उस समय उजागर हुआ जब बाहरी तत्वों के साथ मिलकर छात्र आईटीआई के हॉस्टल में पार्टी कर रहे थे। इसकी भनक संस्थान के अध्यापकों को लग गई। अध्यापक मौके पर पहुंचे और उन्होंने हॉस्टल में मौजूद सभी युवकों को काबू करने की कोशिश की। लेकिन कुछ युवक अध्यापकों को चकमा देकर भागने में सफल रहे जबकि करीब सात युवकों को अध्यापकों ने कमरे में बंद कर दिया। इनमें बाहरी युवक भी शामिल थे।
संस्थान में अध्यापक युवकों से पूछताछ कर रहे थे कि इसकी भनक पुलिस को भी लग गई। पुलिस की एक टीम ने मौके पर पहुंचकर हॉस्टल की तलाशी लेनी शुरू कर दी। तलाशी के दौरान हॉस्टल से शराब की बोतलें व सिगरेट के पैकेट बरामद हुए हैं। इसके आधार पर सभी युवकों को उठाकर पुलिस थाने ले गई। जहां युवकों से कड़ी पूछताछ की गई है। हालांकि इस संबंध में कोई मामला दर्ज नहीं किया गया है। जानकारी के अनुसार बुधवार को हॉस्टल में आईटीआई के छात्र व कुछ पूर्व छात्र मिलकर पार्टी कर रहे थे।
आईटीआई प्रबंधन ने जब इन्हें पकड़ा तो बाहर से हॉस्टल में घुसे कुछ युवक भाग निकले। अध्यापक छात्रों से भाग निकले युवकों के संबंध में पूछताछ कर रहे थे। अध्यापकों ने इन युवकों से माफीनामे भी लिखवा लिए थे। लेकिन ऐन मौके पर पुलिस ने पहुंचकर सभी युवकों को हिरासत में ले लिया।
हॉस्टल में नशे की मिली थी सूचना : थाना प्रभारी
थाना प्रभारी रविंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि आईटीआई के हॉस्टल में कुछ बाहरी तत्व प्रवेश कर गए हैं और हॉस्टल में नशा कर रहे हैं। इस आधार पर पुलिस की एक टीम मौके पर भेजी थी। इस दौरान जो भी युवक हॉस्टल में मिले हैं, उन्हें पूछताछ के लिए थाने में तलब किया है।
छात्रों के परिजनों को दी है सूचना : प्रिंसिपल
आईटीआई की कार्यवाहक प्रिंसिपल शकुंतला देवी ने बताया कि हॉस्टल का बुधवार को नियमित निरीक्षण चल रहा था। जब चार सदस्यीय टीम युवकों के कमरे के बाहर पहुंची तो कमरा अंदर से बंद था। काफी देर खटखटाने पर भी कमरा नहीं खुला तो छात्रों पर दबाव बनाया गया। छात्रों ने जब कमरा खोला तो कमरे में सिगरेट की बदबू और धुआं ही धुआं था। कमरे से शराब की खाली बोतलें मिली हैं। लेकिन ये बोतलें धुली हुई थी। इनमें शराब की बदबू नहीं थी। उन्होंने बताया कि सभी छात्रों के परिजनों को सूचित कर दिया गया है।