अमर उजाला ब्यूरो
नालागढ़ (सोलन)। शहर के पुराने बाजार में प्रथम और द्वितीय मंजिल पर स्थित कपड़े, रजाइयों, कंबल और जूतों के गोदामों में अचानक लग गई। आग से नौ लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है। आग लगने की सूचना मिलते ही अग्निशमन केंद्र नालागढ़ की दो गाड़ियों में फायर कर्मी मौके पर पहुंचे और करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग लगने का कारण शॉर्टसर्किट बताया जा रहा है। दमकल कर्मियों की टीम आने से पहले लोग वहां एकत्रित हो गए थे और आग बुझाने के प्रयास शुरू किए। दमकल कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर पूरी तरह से काबू पाया और आसपास की अन्य दुकानों व मकानों को आग से बचा लिया। बुधवार रात लगी इस आग से अग्निशमन कर्मचारियों ने आसपास की 50 लाख की संपत्ति को जलने से बचा लिया है। नालागढ़ शहर के गुग्गा माड़ी मंदिर के समीप ही पुराने बाजार में राजेंद्र प्रसाद पुत्र रौनकी राम की पहली और दूसरी मंजिल में कपड़े रजाइयां और कंबल के गोदाम और कुलवंत राम पुरी पुत्र रौनकी राम के दोमंजिला भवन में जूतों के भंडार में आग लगने से यह नुकसान हुआ है। बताया जाता है कि पहले आग जूते के भंडार में लगी जिसकी लपटें दूसरे स्टोर में जा पहुंचीं। यह दोनों ही स्टोर आमने सामने है और दोनों भाइयों के है। आग की सूचना मिलने के बाद दो वाहनों में फायर कर्मी मौके पर पहुंचे। इसमें फायर ऑफिसर नालागढ़ पीर सहाय कौंडल, लीडिंग फायरमैन कमलजीत, फायरमैन प्रेम लाल, जमालुदीन, सुरेंद्र सिंह, होमगार्ड जवान धर्म सिंह, कमलेश कुमार, चालक भाग सिंह व कमलेश ने कड़ी मशक्कत से आग पर काबू पाया। अग्निशमन केंद्र नालागढ़ के दमकल अधिकारी पीर सहाय कौंडल ने बताया कि कपड़े, रजाइयों और कंबल के गोदाम को सात लाख जबकि जूतों के भंडार को दो लाख रुपये का नुकसान हुआ है। हालांकि फायर कर्मियों की मुस्तैदी से आसपास की अन्य दुकानों और रिहायशी मकानों को आग लगने से बचा लिया। इस तरह करीब 50 लाख रुपये की संपत्ति को जलने से बचा लिया गया। उन्होंने कहा कि आग लगने का कारण शॉर्टसर्किट माना जा रहा है।