बद्दी (सोलन)। औद्योगिक नगर बद्दी के समीप हरियाणा के मढ़ांवाला में मलपुर के पनेशिया बायोटेक उद्योग के कर्मचारियों को लेकर आ रही बस की तेज रफ्तार ट्रक से भीषण भिड़ंत हो गई। इस टक्कर में बस सवार करीब 30 कर्मचारी घायल हो गए। इस घटना में ट्रक में सवार तीन लोग भी गंभीर रूप से जख्मी हुए हैं। घायलों को चंडीगढ़ और कालका के अस्पतालों में दाखिल करवाया गया है। हरियाणा पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार उद्योग की बस कर्मचारियों को रोज की तरह पिंजौर से बद्दी लेकर आ रही थी। मढ़ांवाला पहुंचने पर सामने से आ रहा एक ट्रक बस से जा टकराया। इस दौरान जोर की आवाजें आने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और राहत कार्यों में जुट गए।
घायलों को तुरंत अस्पताल भेजने की व्यवस्था की गई। बताया जा रहा है कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि किसी बड़ी अनहोनी की आशंका जताई जा रही थी। हालांकि, बस व ट्रक के सवारों को गंभीर चोटें ही आईं। बस में सवार जगदीश, मुनीश, मनिंद्र, विक्रम, कल्पना, निपुण, मनीष, अमित, ज्योत्सना, पायल आदि सहित करीब 30 कर्मचारी घायल हुए हैं।
वहीं, ट्रक में सवार अमरीक सिंह, मुत्था सिंह और रोशन को भी गंभीर चोटें आई हैं। सभी घायलों को चंडीगढ़ व कालका के अस्पतालों में भर्ती करवाया गया है। वहीं, हरियाणा की पुलिस चौकी मढ़ांवाला के प्रभारी मांगी राम ने बताया कि हादसे में 10 लोगों को गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।