नालागढ़ (सोलन)। नालागढ़ में चोर-लुटेरे एक बार फिर सक्रिय हो गए हैं। चेन स्नैचिंग की घटनाएं फिर सामने आने लगी हैं। अपने घर के बाहर सड़क पर टहल रही एक महिला से बाइक सवारों ने चेन स्नैचिंग की वारदात को अंजाम दिया। बाइक सवारों ने गले से सोने की चेन खींची और महिला को पटककर फरार हो गए। बाइक सवारों ने महिला के गले को पकड़ा और चेन खींचने के बाद रफूचक्कर हो गए।
पुलिस ने इस मामले की प्राथमिकी दर्ज र्की है। इस पर पुलिस ने गहनता से जांच शुरू कर दी है और मकान में लगे हुए सीसीटीवी को खंगाला जा रहा है। पुलिस में दर्ज रिपोर्ट में महिला हिमानी वार्षिनी पत्नी रतन वार्षिनी ने बताया कि 27 मार्च को वह शाम को 6:30 बजे अपने घर से बाहर की तरफ सड़क पर घूम रही थी।
इसी दौरान अचानक दो लोग एक काले रंग के मोटरसाइकिल पर आए। इनमें से एक ने हेलमेट पहन रखा था जबकि दूसरा बिना हेलमेट के था। इससे पहले ही वह कुछ सोच समझ पाती, अचानक ही उन्होंने उसका गला पकड़ लिया और गले में पहनी हुई सोने की चेन को छीन लिया। इसके बाद वे उसे धक्का देकर मौके से फरार हो गए। चीख-पुकार सुनकर वहां लोग एकत्रित हो गए लेकिन बाइक सवार वहां से नदारद हो गए थे।
उधर, एएसपी एनके शर्मा ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। उन्होंने बताया कि मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को खंगाला जा रहा है। जल्द ही आरोपी सलाखों के पीछे होंगे।