अमर उजाला ब्यूरो
बद्दी (सोलन)। औद्योगिक क्षेत्र बीबीएन के तहत भटौलीकलां में एक पिकअप और बाइक में जबरदस्त टक्कर हो गई। हादसे के बाद बाइक ने आग पकड़ ली। सूचना मिलते ही दमकल विभाग बद्दी की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। लेकिन, तब तक बाइक पूरी तरह से जल चुकी थी।
जानकारी के अनुसार भटौलीकलां स्थित एक उद्योग के पास यह हादसा सुबह करीब साढ़े ग्यारह बजे हुआ। एक पिकअप व बाइक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद बाइक ने आग पकड़ ली। अग्निशमन विभाग बद्दी के कर्मचारियों ने सूचना मिलते ही आग पर काबू पाया। दमकल अधिकारी बद्दी प्रकाश शर्मा ने बताया कि आग से बाइक पूरी तरह से जल गई है। करीब 40 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। हादसे में कोई भी घायल नहीं हुआ है।