गोंडा-बलरामपुर मार्ग पर कुआनो जंगल में एक फार्म हाउस के समीप रविवार की भोर में बलरामपुर से झांसी जा रही एक रोडवेज बस सामने से आ रहे एलपीजी लदे ट्रक से भिड़ गई। इस हादसे में ट्रक चालक समेत बस में सवार छह यात्री गंभीर रुप से घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए बलरामपुर के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बताया जाता है कि झांसी डिपो की रोडवेज बस रविवार की भोर में 4.30 बजे बलरामपुर से सवारियों को लेकर झांसी के लिए रवाना हुई थी। बस में करीब 15 यात्री सवार थे। बस स्टेशन से सभी यात्री बस पर सवार हुए थे, लेकिन महज 20 मिनट के सफर के बाद ही 4.50 बजे ही बस हादसे का शिकार हो गई।
रोडवेज की बस गोंडा बलरामपुर मार्ग पर कुआनो जंगल स्थित गीता सिंह फार्म हाउस के समीप पहुंची ही थी कि सामने से आ रहे एलपीजी लदे ट्रक से बस की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक का केेबिन उखड़कर नीचे जमीन पर जा गिरा। जबकि बस टक्कर के बाद सड़क के किनारे स्थित एक गड्ढे में जाकर फंस गई।
इस हादसे में ट्रक का चालक रोहित दूबे निवासी बेलखाया थाना अमेठी जिला अमेठी गंभीर रुप से घायल हो गया। इसके अलावा बस के चालक व क्लीनर समेत दो यात्री भी घायल हो गए। बस व ट्रक की जोरदार टक्कर से आसपास के गांवाें के लोग मौके पर पहुंचे और ट्रक के केबिन में फंसे चालक को बाहर निकाला।
इसके बाद हादसे की सूचना पुलिस को दी। इस हादसे के ठीक बाद पीछे से आ रही झांसी डिपो की एक अन्य रोडवेज बस घायल बस चालक व क्लीनर को लेकर गोंडा की तरफ चली गई। वहीं हादसे की सूचना मिलते ही इटियाथोक के प्रभारी निरीक्षक बृजेश सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घायल ट्रक चालक को 108 एंबुलेंस की सहायता से बलरामपुर के जिला अस्पताल पहुंचाया। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि घायल होने वाले अन्य यात्रियों का पता नहीं चल पाया है।