कुनिहार (सोलन)। अर्की थाना के तहत शनिवार देर रात सड़क हादसे की जांच करने पहुंचे पुलिस कर्मियों के साथ कार चालक ने धक्कामुक्की की। इस दौरान एक पुलिस कर्मचारी की वर्दी फट गई। पुलिस कर्मी की शिकायत पर आरोपी कार चालक के खिलाफ पुलिस कर्मचारी से दुर्व्यवहार व सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। जानकारी के अनुुसार कुनिहार क्षेत्र में उस समय विवाद हो गया जब पुलिसकर्मी सड़क हादसे के मामले में दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर रहे थे। शनिवार रात्रि सोहन सिंह पुत्र चतर सिंह ने पुलिस चौकी कुनिहार में आकर बताया कि उसके ट्रक को कार चालक ने टक्कर मार दी है। शीत भोजनालय कुनिहार के पास मुख्य आरक्षी कपिल और शशिपाल मौके पर पहुंचे। कार मालिक हर्ष ठाकुर निवासी कुनिहार ने आरक्षी शशिपाल के साथ धक्कामुक्की की। इसके कारण उसकी वर्दी की जेब फट गई। डीएसपी दाड़लाघाट योगेश रोल्टा ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस कर्मियों के बयान लिए गए हैं। इस संबंध में आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। ट्रक चालक के भी बयान दर्ज किए हैं।