बद्दी (सोलन)। बददी-नालागढ़ हाईवे पर भुड्ड बैरियर के पास कामगारों को लेकर जा रही एक निजी बस को एक ट्रक ने साइड से टक्कर मार दी। इस हादसे में एक दर्जन कामगारों को चोटें आई हैं। ट्रक चालक वाहन को लेकर मौके से फरार हो गया। रात का समय होने के कारण उसका नंबर भी नहीं पढ़ जा सका। पुलिस ने रिपोर्ट दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है। अजय कुमार पुत्र जग्गो राम निवासी गांव एवं डाकघर सेहवा, तहसील शाहपुर, जिला कांगड़ा ने बताया कि वह निजी बस में बतौर चालक कार्यरत है। मैकलोड फार्मा कंपनी गांव ठेडा से रात्रि की शिफ्ट उठाकर वह बद्दी जा रहा था और बस में करीब 30 कामगार सवार थे। लेकिन रात 11:30 बजे भुड्ड बैरियर के पास महाराजा कंपनी के समीप पहुंचा तो विपरीत दिशा से एक ट्रक ने बस की एक साइड को टक्कर मार दी। एसपी बददी राहुल नाथ ने कहा कि पुलिस ने मामला दर्ज कर ट्रक व चालक की तलाश शुरू कर दी है।