फेक पोस्ट डालने पर चिकित्सक ने दर्ज करवाया मामला
सोशल साइट पर अस्पताल के आपातकालीन कक्ष पर डाली थी पोस्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
नालागढ़ (सोलन)। नालागढ़ अस्पताल के आपातकालीन कक्ष में किसी भी चिकित्सक और नर्स के न होने की सोशल साइट पर डाली गई पोस्ट को चिकित्सक ने फेक करार दिया है और मामला दर्ज करवाया है। ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक का कहना है कि उनके पास कोई भी इस नाम का मरीज नहीं आया है और वे ड्यूटी पर तैनात थे, जबकि संबंधित व्यक्ति को कोई शिकायत होती तो वह बीएमओ को इस बारे में बता सकता था। पुलिस ने चिकित्सक की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक साक्षी चौधरी पुत्री शंकर चौधरी निवासी गांव पटेर मैनी तहसील नालागढ़ ने बताया कि इसकी ड्यूटी सुबह 9:30 बजे से लगी थी और इसके साथ सिस्टर दीपिका अपनी ड्यूटी पर थी इसके अलावा चतुर्थ श्रेणी कर्मी कमल नैन भी ड्यूटी पर था। ड्यूटी के दौरान ये लोग कहीं भी बाहर नहीं गए और न ही उनके पास एके धीमान नाम का व्यक्ति दवा लेने अस्पताल में आया और न ही इन्होंने किसी मरीज के साथ कोई बदसलूकी की है। पुलिस ने जो पोस्ट दिखाई, उसमें लिखा गया है कि नालागढ़ अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में इस समय आना कोई डॉक्टर है न कोई नर्स मौजूद, मरीजों से की जा रही है बदसलूकी दर्शाया है। यदि इस पोस्ट डालने वाले व्यक्ति को अस्पताल में परेशानी होती तो वह इस बारे में बीएमओ को शिकायत कर सकता था। पोस्ट डालने वाले व्यक्ति ने झूठी पोस्ट डाली है, जबकि सरकार ने पहले ही आदेश जारी किए हैं कि फेक पोस्ट डालने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। पुलिस अधीक्षक रोहित मालपानी ने कहा कि पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।