पीड़ित को साथ लेकर शहर में घूमती रही पुलिस
चार आरोपियों ने लूट की वारदात को दिया था अंजाम
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। शहर के मोहन पार्क के समीप नेपाल मूल के व्यक्ति से हुई 85 हजार रुपये की लूट के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। शनिवार को पुलिस की विशेष टीम ने पीड़ित को साथ लेकर शहर के विभिन्न हिस्सों में शिनाख्त की और इस दौरान कई स्थानों पर सीसीटीवी फुटेज को बारीकी से खंगाला। पुलिस आरोपियों की पहचान सुनिश्चित करने और उनके संभावित ठिकानों पर दबिश देने में जुटी हुई है।
जानकारी अनुसार बुधवार रात को शिमला के ननखड़ी से आए नेपाल मूल के एक व्यक्ति को झांसे में लेकर सोलन लाया गया था। चंबाघाट में मुख्य आरोपी और उसके तीन साथी पीड़ित को मोहन पार्क के पास एक सुनसान जगह पर ले गए और मारपीट कर 85 हजार की नकदी और मोबाइल छीन लिया। पुलिस इस मामले में तकनीकी साक्ष्यों को मुख्य आधार बनाकर आगे बढ़ रही है। एएसपी सोलन रमेश शर्मा ने बताया कि पुलिस मोबाइल फोन की लोकेशन और फुटेज में दिख रहे संदिग्ध चेहरों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। पीड़ित को साथ रखकर घटनास्थल व आसपास के रास्तों के सीसीटीवी फुटेज की गहनता से जांच की गई है। आरोपियों की पहचान कर ली गई है, जिन्हें जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।