कांग्रेस को भी उपचुनाव में दिया जाएगा सशर्त समर्थन
सरकार से उठाई मांग उद्योगों में दें 70 फीसदी आरक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
नालागढ़ (सोलन)। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी ने प्रदेश की तीन सीटों पर 10 जुलाई को होने वाले उपचुनावों में भाजपा उम्मीदवारों के विरोध में प्रचार करने का एलान किया है।
पार्टी के राज्य सचिव कामरेड भाग सिंह चौधरी, सह सचिव कामरेड प्रशांत मोहन और नरेश घई ने कहा है कि भाजपा बेरोजगारी और महंगाई जैसे असल मुद्दों से ध्यान हटाकर केवल सांप्रदायिक ध्रुवीकरण की राजनीति करती आई है, जिसे प्रदेश की जनता ने सिरे से नकार दिया है। हाल ही में हुए विधानसभा उपचुनाव के नतीजों में यह बात स्पष्ट हो चुकी है। भाकपा नेताओं ने नालागढ़, देहरा और हमीरपुर से चुनाव लड़ रहे कांग्रेस के उम्मीदवारों को सशर्त समर्थन देने की बात कही है। उन्होंने सुक्खू सरकार से बरसात के मौसम में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पूरी सतर्कता बरतने और उससे निपटने के लिए भरपूर इंतजाम किए जाने की मांग उठाई है। साथ ही उद्योगों में कम से कम 70 फीसदी आरक्षण और मनरेगा की दिहाड़ी बढ़ाए जाने की मांग को दोहराया है। वहीं स्कीम वर्करों के लिए स्थाई नीति बनाने की भी मांग उठाई। उन्होंने किसानों को बीज और खाद में समुचित सब्सिडी मुहैया करवाने, कृषि उत्पादों की खरीद के लिए ठोस रणनीति तैयार करने के साथ किसानों की कर्ज माफी की मांग को प्रमुखता से उठाया है।