सोलन व नालागढ़ काॅलेज में होगी मतगणना
आठ बजे से होगी शुरू हो जाएगी काउंटिंग, इंतजाम पूरे
उपायुक्त ने नालागढ़ मतगणना केंद्र का किया निरीक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। शिमला लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र के तहत सोलन जिले में मतगणना के लिए सभी प्रबंध पूरे कर लिए गए हैं। जिले में मतों की गिनती करने के लिए कुल 62 टेबल लगाए गए हैं। जिला के तहत आने वाले पांच विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की मतगणना के लिए सोलन व नालागढ़ काॅलेज में मतगणना केंद्र स्थापित किए गए हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा ने बताया कि अर्की, सोलन और कसौली विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की मतगणना राजकीय महाविद्यालय सोलन में होगी। अर्की विस क्षेत्र के लिए 10, सोलन विस क्षेत्र के लिए 14 और कसौली विस क्षेत्र की मतगणना के लिए 10 टेबल स्थापित किए गए हैं।
वहीं नालागढ़ व दून विस क्षेत्रों की मतगणना राजकीय महाविद्यालय नालागढ़ में होगी। इसके तहत नालागढ़ विस क्षेत्र के लिए 14 और दून विस क्षेत्र की मतगणना के लिए भी 14 टेबल स्थापित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि मतगणना केंद्रों में सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं और सभी ईवीएम और वीवीपैट मशीनें कड़े सुरक्षा घेरे में स्ट्रांग रूम में सुरक्षित रखी गई हैं।
मतगणना 04 जून को सुबह 08:00 बजे से शुरू होगी। चुनाव परिणाम के प्रत्येक चरण की जानकारी उपलब्ध करवाने के लिए मीडिया सेंटर भी स्थापित किए गए हैं। जिला लोक संपर्क अधिकारी सोलन को राजकीय महाविद्यालय सोलन में स्थापित मीडिया सेंटर का प्रभारी बनाया गया है।
उधर, जिला निर्वाचन अधिकारी ने सोमवार को राजकीय महाविद्यालय नालागढ़ में स्थापित मतगणना केंद्र का निरीक्षण भी किया। उन्होंने मतगणना से संबंधित तैयारियों का जायजा लिया और अधिकारियों को उचित दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक बद्दी इलमा अफरोज, उपमंडलाधिकारी नालागढ़ दिव्यांशु सिंगल, सहायक निर्वाचन अधिकारी एवं बीबीएनडीए की संयुक्त आयुक्त प्रिया नागटा, तहसीलदार नालागढ़ निशा आज़ाद, नायब तहसीलदार निर्वाचन गोपी चंद सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।