अर्की (सोलन)। नगर पंचायत अर्की की पहली बैठक नपं कार्यालय में अध्यक्ष अनुज गुप्ता की अध्यक्षता में आयोजित की गई। पहली बैठक में कई अहम निर्णय लिए गए। इस मौके पर आम राय से नगर पंचायत का कार्य सुचारु रूप से चलाने के लिए स्थायी समितियों का गठन किया गया। वित्त संपरीक्षा एवं योजना समिति के अध्यक्ष अनुज गुप्ता होंगे जबकि उपाध्यक्ष हेमेंद्र गुप्ता, पार्षद सुरेंद्र कुमार व भारती वर्मा को बतौर सदस्य शामिल किया गया।
सामाजिक न्याय समिति में हेमेंद्र गुप्ता को अध्यक्ष, पार्षद धर्मपाल शर्मा और निर्मला देवी को सदस्य बनाया गया। साधारण स्थायी समिति में सभी पार्षद सदस्य होंगे। बैठक में निर्णय लिया गया कि सभी वार्डों में पार्षद की अध्यक्षता में वार्ड सभा का गठन किया जाएगा। इससे विकास कार्यों में वार्ड के लोगों की भागेदारी भी हो सकेगी।
इनका गठन 10 फरवरी तक कर दिया जाएगा। इस बैठक में तीन केस सामाजिक न्याय पेंशन के मंजूर किए गए। एसवीएम स्कूल को खेल के मैदान के लिए एनओसी प्रमाण पत्र देने का निर्णय भी लिया गया। इसके अलावा बैठक में पार्षदों ने अपने अपने वार्ड में विकास कार्य करने के लिए प्रस्ताव पेश किए।
इस मौके पर उपाध्यक्ष हेमेंद्र गुप्ता, पार्षद सुरेंद्र कुमार, भारती वर्मा, धर्मपाल शर्मा, निर्मला देवी, रुचिका गुप्ता, कनिष्ठ अभियंता सुशील कौंडल और कनिष्ठ सहायक रामकरण वर्मा मौजूद रहे।