नालागढ़ (सोलन)। औद्योगिक क्षेत्र बीबीएन के तहत ओमेक्स पार्कवुड सोसायटी में होम क्वारंटीन किए गए परिवार के तीन सदस्यों में से एक शख्स को नियमों का उल्लंघन करने पर संस्थागत क्वारंटीन केंद्र भेज दिया गया है। पुलिस अधीक्षक रोहित मालपानी ने कहा कि राकेश कुमार को होम क्वारंटीन किया गया था। इसका उल्लंघन करते हुए वह घर से बाहर निकलकर दूध आदि लाने के लिए निकल पड़ता था। इसकी स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। इस पर पुलिस टीम ने राकेश कुमार को संस्थागत क्वारंटीन केंद्र बरोटीवाला विद्यालय भेज दिया है। उन्होंने होम क्वारंटीन किए गए लोगों से आह्वान किया है कि वे नियम का पूर्ण रूप से पालन करें, अन्यथा उन्हें प्रशासन की ओर से बनाए गए संस्थागत केंद्र भेजा जाएगा, वहीं उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी अमल में लाई जाएगी।