बद्दी में उपभोक्ताओं ने सहायक अभियंता कार्यालय में पहुंच कर जताया रोष
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी(सोलन)। बद्दी में बढ़े हुए बिजली के बिल को लेकर उपभोक्ताओं ने सहायक अभियंता कार्यालय में पहुंच कर रोष जताया। उपभोक्ताओं का कहना है कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद उनके कई गुना अधिक बिल आ रहे हैं। इससे उन्हें आर्थिक समस्या का सामना करना पड़ रह रहा है। बद्दी के कैलाश बिहार के नीरज शर्मा ने बताया कि उन्हें सेंट्री चार्ज के रूप में 88 हजार 138 रुपये लगे। संडोली निवासी देशराज ने बताया कि उसका 13 हजार 803 रुपये का बिल आया है। वहीं कृष्ण कौशल ने बताया कि उसका पहले 3,500 के करीब बिल आता था लेकिन अब 7,800 बिल आया है। एक दर्जन से अधिक उपभोक्ता अपनी इसी समस्या को लेकर सहायक अभियंता के कार्यालय पहुंचे और रोष जताया। उधर, विद्युत बोर्ड के सहायक अभियंता ई. सौरभ धीमान ने बताया कि विभाग ने स्मार्ट मीटर बदले गए हैं। जिन लोगों को पहले मीटर में खराबी होने से कम बिल आ रहा था। अब स्मार्ट मीटर के लगने के बाद एवरेज बिल निकाला गया। उसके आधार पर अतिरिक्त बिल दिया गया है। अगर किसी उपभोक्ता को इससे एतराज है तो वह उन्हें लिखित रूप में दे सकते हैं, जिसकी जांच कराई जाएगी।