पांच साल से चल रहा काम अभी तक नहीं हुआ पूरा
वर्तमान में पीएचसी के भवन में चल रहा अस्पताल, मरीज परेशान
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी(सोलन)। बद्दी के एक मात्र सिविल अस्पताल के भवन निर्माण का कार्य बजट के अभाव में रुक गया है। ठेकेदार ने धन के अभाव में काम को रोक दिया है। वर्तमान में पीएचसी के भवन में चल रहा है। सरकार अगर यहां पर बजट का प्रावधान करती है तो जल्द ही यह अस्पताल जनता को समर्पित कर दिया जाएगा। भवन का कार्य अंतिम चरण में है।
इस भवन का कार्य वर्ष 2019 में शुरू हुआ था लेकिन जब इसकी खुदाई शुरू हुई तो जमीन काफी कच्ची निकली जिसमें भराव भरा हुआ था। इसके बाद इसकी दोबारा से ड्राइंग तैयार हुई और वर्ष 2021 में इसका कार्य दोबारा शुरू किया गया। 50 बेड के इस अस्पताल का निर्माण कार्य तेज गति से चला लेकिन अब पिछले कुछ समय से बजट नहीं आया है। इस भवन पर 10.49 करोड़ रुपये खर्च होने थे लेकिन अभी तक 7 करोड़ के करीब पैसा ही विभाग को मिला है। इस भवन का कार्य कर रहे ठेकेदार ने अपने पास से भी इस में पैसा लगा दिया है, लेकिन अभी भी 01 करोड़ का कार्य बाकी बचा हुआ है।
पूर्व विधायक परमजीत सिंह पम्मी ने कहा कि यह अस्पताल कभी का बन कर तैयार हो सकता था लेकिन बजट न मिलने पर ठेकेदार ने इसका काम रोक दिया है। स्थानीय विधायक व सीपीएस राम कुमार चौधरी ने विधायक बनने के बाद इसे चार माह में हैंड ओवर करने की बात कही थी लेकिन अब तो एक साल से भी अधिक समय बीत गया है और लोगों को इस अस्पताल का लाभ नहीं मिल पाया। वर्तमान में अस्पताल पीएचसी भवन में चल रहा है। यहां पर एक्सरे व अल्ट्रा साउंड भी भवन के चलते शुरू नहीं हो पाया। गर्भवती महिलाओं के एक्सरे व अल्ट्रा साउंड मुफ्त सरकार की ओर से होते हैं लेकिन यहां पर निजी अस्पतालों से महिलाओं को अल्ट्रासाउंड करवाना पड़ता है जिससे गर्भवती महिलाओं को आने जाने में दिक्कत होती है।
उधर, बद्दी का अतिरिक्त कार्यभार संभाल रहे सहायक अभियंता राज कुमार ने बताया कि इस बारे में उच्च अधिकारियों को अवगत करा दिया गया है। जल्द ही इसके भवन निर्माण को पूरा करने के लिए बजट मिलने की उम्मीद है।