संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। कालका-शिमला नेशनल हाईवे-5 पर टनल को जाने वाली सड़क की नई ड्राइंग तैयार करने के बाद मिट्टी की जांच का कार्य शुरू हो गया है। मिट्टी जांच की रिपोर्ट आने के बाद ही सड़क का निर्माण शुरू होगा। कंपनी ने एक सप्ताह के भीतर कार्य शुरू करने का दावा किया है।
इन दिनों कंपनी औपचारिकताएं पूरी कर रही है। नई ड्राइंग के मुताबिक फोरलेन निर्माता कंपनी सड़क का निर्माण कार्य करेगी। इसमें कुछ बदलाव भी किए गए हैं। कार्य शुरू होने के दो माह में टनल को जाने वाली सड़क को ठीक किया जाएगा। इसके बाद सड़क ही वाहनों की आवाजाही के लिए सड़क बहाल हो पाएगी।
11 अगस्त को शमलेच के समीप बड़ोग टनल को जा रही सड़क बारिश के बाद पूरी तरह से धंस गई थी। इसके बाद सड़क को बंद कर दिया गया था। इसके बाद से टनल वाहनों की आवाजाही के लिए बंद पड़ी है।
सड़क के धंसने के बाद एनएचएआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर समेत अन्य टीमें कई बार मौके का मुआयना कर चुकी हैं। इसके बाद कंपनी को नया डिजाइन एक सप्ताह में एनएचएआई कार्यालय में भेजने के निर्देश दिए थे। ग्रिल कंपनी ने दोबारा डिजाइन तैयार कर एनएचएआई शिमला कार्यालय में भेज दी गई हैं। यहां से आगामी छह दिनों में कार्य की अनुमति मिल जाएगी। इन दिनों मिट्टी जांच का कार्य किया जा रहा है।
दो करोड़ रुपये का हुआ नुकसान
टनल को जाने वाली सड़क के धंसने से कंपनी को करीब दो करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। बीते दिनों कंपनी ने नुकसान का आकलन किया है। कंपनी अब बरसात में हुए नुकसान का अनुमान लगा रही है। इसके लिए टीमों को लगाया गया है। परवाणू-सोलन फोरलेन प्रोजेक्ट करीब 1,300 करोड़ रुपये से तैयार किया गया है।
नए सिरे से होगा कार्य
परवाणू-सोलन तक फोरलेन निर्माण कार्य तकरीबन पूरा हो गया है लेकिन टनल को जाने वाली सड़क का डंगा धंसने से काफी दिक्कत आई है। टनल को जाने वाली सड़क का निर्माण कार्य अब नए सिरे से होगा। इसे लेकर वर्तमान में दिनों मौके पर मिट्टी का परीक्षण किया जा रहा है।
- राम आसरा, खुरल, प्रोजेक्ट डायरेक्टर, एनएचएआई