मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने शुक्रवार को अर्की विधानसभा क्षेत्र के प्रवास के दौरान 65 करोड़ रुपये के उद्घाटन और शिलान्यास किए। मुख्यमंत्री करीब साढ़े दस बजे अर्की विधानसभा क्षेत्र की पंचायत बलेरा में बने हेलीपैड पर उतरे। यहां कांग्रेस नेताओं तथा लोगों ने उनका स्वागत किया।
इसके बाद उन्होंने जयनगर में करीब 17 योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। इसमें हाल ही में अपग्रेड किए राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल लगदाघाट, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल पट्टा पंजल, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल घड़याच, राजकीय उच्च विद्यालय जोबड़ी का लोकापर्ण किया।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल पट्टा पंजल के चालीस लाख रुपये से निर्मित भवन तथा 26 लाख रुपये की लागत से बने वन विश्राम गृह जयनगर के नवनिर्मित भवन का उद्घाटन किया। 40.25 लाख की लागत से बनी जयनगर-उखु वाया बडडल मार्ग, 174.42 लाख से निर्मित साईं उखु मार्ग, 635.77 से बना छयोड खड्ड जघून मार्ग तथा 713.49 लाख से निर्मित बुइला कोयल सनोग मार्ग का लोकार्पण किया।
इसके अलावा 2087.91 लाख की लागत से बनने वाली बैंज की हटटी- कुनिहार-भूमति-सेली सड़क, 309.21 की लागत से बनने वाली क्यारी-सेली सड़क, 341.80 की लागत से बनने वाला हरदेवपुरा-बावा मार्ग, 149.68 से बनने वाले तालाब राउ खड्ड-बहली मार्ग तथा 1124.73 लाख से बनने वाली भूमति-सूरजपुर सड़क की आधारशिला रखी। इसी के साथ उन्होंने 27.76 लाख से बनने वाले स्वास्थ्य उपकेंद्र भवन का शिलान्यास किया।
इस अवसर पर युकां के प्रदेश अध्यक्ष विक्रमादित्य सिंह, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष जैनब चंदेल, संजय अवस्थी, अमरचंद पाल, संजय ठाकुर, अर्की ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रमेश ठाकुर, हरीराम कौंडल, सुनीता गर्ग, नीलम रघुवंशी, ऋषि देव शर्मा, रूप सिंह ठाकुर, उमा गर्ग और जगदीश ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एडीसी संदीप नेगी, एसपी सोलन अंजुम आरा, एसडीएम अर्की एलआर वर्मा, लोनिवि के अधिशासी अभियंता अजय सोनी, डीएफओ आरएस जसवाल सहित सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।