दिवाली को लेकर सोलन के बाजारों में उमड़ी लोगों की भीड़।
- फोटो : अमर उजाला
दीपावली को लेकर सोलन शहर दुल्हन की तरह सज गया है। बाजारों में गिफ्ट आइट्म, कपड़े, मिठाई और पटाखों की दुकानों पर अच्छी-खासी भीड़ रही। शनिवार को काफी संख्या में लोगों ने शहर की दुकानों में पहुंचकर खरीददारी की। इनमें विशेष रूप से महिलाओं समेत युवतियां और बच्चे शामिल थे। पिछले वर्ष की भांति इस वर्ष भी दीपावली में शहर के बाजार चाइनिज सामानों से लदे पड़े हैं। वहीं लोग भी इन चाइनिज वस्तुओं पर ज्यादा आकर्षित हो रहे हैं।
चाइनिज पटाखे, लाइट्स, लड़ियां, चाइनिज दिये और मोमबत्ती आदि लोगों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। चाइनिज पटाखों में बंदूक, फिरकी, धागा पटाखा, रंग-बिरंगी माचिस और बटर फलाई चखरी आदि नए पटाखे मार्केट में आए हैं। लोगों में विशेषकर युवाओं में 1 हजार से 5 हजार के पटाखों वाली लड़ी समेत शाट्स का खास क्रेज है।
ठोडो ग्राउंड में हर साल पटाखे की दुकान लगाने वालों का कहना है कि महंगाई के चलते लोग आवश्यक सामान ही खरीद रहे हैं और उसके बाद ही वह अन्य सामान को तवज्जो दे रहे हैं। इस बार पटाखे महंगे हो गए हैं और उनका दाम पिछले साल के मुकाबले 30 से 40 प्रतिशत बढ़ गया है। इसके अलावा अन्य खर्चों में भी इजाफा हुआ है। पहले उन्हें पटाखे बेचकर काफी मुनाफा होता था लेकिन इस बार कुछ भी ऐसा होने की संभावना नजर नहीं आ रही है। बताया कि जो पटाखे का डिब्बा 2700 से 2800 का आता था, वह इस बार 5 से 6 हजार तक में मिल रहा है।