बद्दी के बिलांवाली स्कूल में पोषण पर कार्यक्रम में भाग लेते हुए स्कूली बच्चे- स्रोत-संस्था।
बिलांवाली स्कूल में आईआरजी संस्था ने किया जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी(सोलन)। राजकीय प्राथमिक विद्यालय बिलांवाली में आईआरजी संस्था ने ग्लेनमार्क फाउंडेशन के सहयोग से पोषण एवं स्वच्छता विषय पर एक जागरूकता सत्र आयोजित किया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों को संतुलित आहार, स्वच्छता, स्वास्थ्य एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना था, ताकि वे बचपन से ही अच्छी आदतों को अपनाकर स्वस्थ जीवन जी सकें।
कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य कार्यकर्ता सुषमा शर्मा ने बच्चों को पोषण के महत्व के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए संतुलित एवं पौष्टिक आहार अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बच्चों को हरी सब्जियां, दालें, दूध, फल एवं घर का ताजा भोजन खाने के लिए प्रेरित किया और जंक फूड एवं अत्यधिक पैकेट वाले खाद्य पदार्थों से दूर रहने की सलाह दी।
इसके साथ ही स्वच्छता के महत्व पर भी विशेष जानकारी दी गई। बच्चों को हाथ धोने की सही विधि, भोजन से पहले और शौचालय के बाद हाथ धोने की आदत, साफ पानी पीने तथा आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने के बारे में जागरूक किया गया। बच्चों को व्यक्तिगत स्वच्छता जैसे नाखून काटना, रोजाना स्नान करना एवं साफ कपड़े पहनने के लिए भी प्रेरित किया गया।