बालद, सरसा और चिकनी खड्ड के किनारे उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
रात भर गूंजेंगे छठी मईयां के गीत और भजन
संवाद न्यूज एजेंसी
बरोटीवाला (सोलन)। औद्योगिक क्षेत्र बीबीएन में सोमवार को पूर्वांचलवासियों ने छठ महापर्व पर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देकर छठी मैया की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस दौरान बद्दी के सनसिटी, बालद खड्ड, सरसा खड्ड और चिकनी खड्ड के किनारे श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। व्रतियों ने परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की खुशहाली और मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए सूर्यदेव और छठी मैया से प्रार्थना की। मंगलवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय छठ पर्व का समापन होगा।
शाम होते ही छठ घाटों पर श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया। महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर दउरा और पूजा सामग्री लेकर घाटों पर पहुंचीं। छठी मैया के पारंपरिक गीतों और आतिशबाजी से पूरा बीबीएन क्षेत्र भक्तिमय हो उठा। जिन श्रद्धालुओं की मन्नतें पूरी हुई थीं, उन्होंने विशेष श्रद्धा और उत्साह के साथ व्रत किया। व्रतियों के अलावा बड़ी संख्या में अन्य पूर्वांचलवासी भी पूजा में शामिल हुए।
पूर्वांचल छठ पूजा वेलफेयर सोसायटी और पूर्वांचल मित्र सभा की ओर से श्रद्धालुओं के लिए भंडारे और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। बालद खड्ड के किनारे रात्रिकालीन जागरण रखा गया है, जिसमें पूर्वांचल से पहुंचे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कलाकार छठी मैया के भजनों की प्रस्तुति देंगे। कलाकारों को सुनने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ जुटनी शुरू हो गई।
विकास नंदन ने बताया कि उनकी पत्नी हर वर्ष छठी मैया का व्रत रखती हैं। वहीं, सब्जी विक्रेता राम रतन ने बताया कि उनकी पत्नी ने भी छठ का उपवास किया है। उन्होंने छठी मैया से एक मन्नत मांगी थी, जो पूरी हो गई। इसी आस्था के चलते उनका परिवार पूरे उत्साह से पर्व मना रहा है।
पूर्वांचल छठ पूजा वेलफेयर सोसायटी के अध्यक्ष रामजी तिवारी और उपाध्यक्ष पिंटू सिंह ने बताया कि बीबीएन के उद्योगों में बिहार और पूर्वांचल के हजारों कामगार कार्यरत हैं। जो लोग पर्व पर अपने घर नहीं जा पाते, उनके लिए बद्दी में ही पूजा और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। पूर्वांचल मित्र सभा के अध्यक्ष परमहंस द्विवेदी ने बताया कि भोजपुर के कलाकार रातभर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे। उन्होंने कहा कि बीबीएन में पूर्वांचल के लाखों लोग रहते हैं और छठ पर्व के प्रति उनकी गहरी आस्था है।
ठेकुआ, फल और गन्ने से सजाए सूप
छठ पूजा के लिए बांस के दउरे और सूप में ठेकुआ, चावल के लड्डू, गन्ना, नारियल, केला, सेब, संतरा, सिंघाड़ा, मूली, हल्दी और अदरक सहित पारंपरिक प्रसाद सजाया गया। इसके अलावा पान, सुपारी, लौंग, इलायची, सिंदूर, चंदन, अक्षत और दीपक से पूजा की गई। व्रतियों ने तांबे और पीतल के पात्रों में जल और गाय के कच्चे दूध से सूर्यदेव को अर्घ्य दिया। मंगलवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद व्रती प्रसाद ग्रहण कर अपना निर्जला उपवास खोलेंगे।
परवाणू में उत्साह के साथ मनाया छठ पर्व
परवाणू(सोलन )। परवाणू के सेक्टर-5 में छठ महापर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में ओम आर्या ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने भगवान सूर्यदेव और छठी मैया के समक्ष शीश नवाकर क्षेत्रवासियों की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। इस दौरान ओम आर्या ने कहा कि छठ महापर्व भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा का महत्वपूर्ण पर्व है। यह पर्व आस्था, अनुशासन, त्याग और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का संदेश देता है। उन्होंने व्रत रखने वाली महिलाओं की श्रद्धा और तपस्या को नमन करते हुए आयोजन समिति को सफल आयोजन के लिए बधाई दी।
बद्दी के बालद खड्ड के किनारे डूबते सूर्य कोअर्घ्य देते हुए पूर्वांचल के लोग- संवाद।