बद्दी(सोलन)। बद्दी जिला पुलिस की एसआईयू विंग ने चंबा के चुराह तहसील के रहने वाले 25 वर्षीय युवक से चरस की बड़ी खेप बरामद की है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी पहले भी चंबा में चरस के साथ पकड़ा गया था, लेकिन जांच के दौरान पुलिस को चकमा देकर भाग गया था। जिस पर कोर्ट ने उसे पीओ घोषित किया हुआ था।
एसआईयू विंग ने गुप्त सूचना के आधार पर ठेड़ा में निर्मल सिंह के मकान में मुख्य आरक्षी श्याम के नेतृत्व में दबिश दी। चंबा के चुराह तहसील के रहने वाला धर्मपाल (25) निर्मल सिंह के मकान में किराये के कमरे में रहता था। पुलिस ने उसके कब्जे से एक किलो 365 ग्राम चरस पकड़ी है। पकड़ी गई चरस की कीमत बाजार में लाखों में है। पुलिस ने चरस को कब्जे में लेने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। जब आरोपी का पुराना रिकार्ड खंगाला तो चंबा पुलिस में इसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज था और पुलिस को चकमा देकर भाग गया था। वहां पर भी इसके कब्जे से एक किलो से ज्यादा चरस पकड़ी गई थी। यहां पर भी चोरी छिपे हर कर नशीले पदार्थों की सप्लाई कर रहा था।
डीएसपी नवदीप सिंह ने बताया कि पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।