स्वास्थ्य विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने परवाणू और धर्मपुर-कुमारहट्टी में की कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
परवाणू (सोलन)। नशा मुक्त अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग ने पुलिस टीम के साथ मिलकर मंगलवार को परवाणू और धर्मपुर-कुमारहट्टी क्षेत्र में विशेष निरीक्षण अभियान चलाया। इस दौरान बिना अनुमति एवं लाइसेंस के सिगरेट और तंबाकू उत्पाद बेचने वाले 14 दुकानदारों के चालान काटे गए और कुल 16,600 रुपये जुर्माना वसूला गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने परवाणू क्षेत्र में आठ दुकानों के चालान कर 11,200 रुपये का जुर्माना वसूला। वहीं, धर्मपुर-कुमारहट्टी क्षेत्र में नियमों की अनदेखी करने वाले छह दुकानदारों के चालान कर 5,400 रुपये जुर्माना वसूला गया। धर्मपुर ब्लॉक के चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रमिंद्र सिंह ने बताया कि नशा मुक्त अभियान के तहत नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना वैध अनुमति तंबाकू उत्पादों की बिक्री करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।