चायल में चीड़ की पतियों से उत्पाद तैयार करती महिलाएं। संवाद
चायल पंचायत में दिया जा रहा महिलाओं को विशेष प्रशिक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
चायल (सोलन)। उपमंडल कंडाघाट की ग्राम पंचायत चायल में इन दिनों महिलाएं आत्मनिर्भर बनने की दिशा में एक अहम कदम उठा रही हैं। यहां महिलाएं चीड़ की पत्तियों से उपयोगी उत्पाद बनाने का प्रशिक्षण ले रही हैं, जिससे उन्हें भविष्य में बेहतर आजीविका कमाने का अवसर मिलेगा। प्रशिक्षण दे रहीं शांता ठाकुर और अनुराधा ने बताया कि महिलाएं चीड़ की पत्तियों का उपयोग करके टोकरियां, पेन स्टैंड सहित कई अन्य आकर्षक उत्पाद बना रही हैं। उनका उद्देश्य है कि महिलाएं इन हस्तनिर्मित उत्पादों के माध्यम से आत्मनिर्भर बनें और अपनी आजीविका स्वयं कमा सकें। इस प्रशिक्षण शिविर में जया, रीना, पूजा, सोनाली, राखी, पूनम और आशा सहित करीब 20 महिलाएं हिस्सा ले रही हैं। प्रशिक्षण प्राप्त कर रहीं महिलाओं ने बताया कि उन्हें जो भी जानकारी और कौशल सिखाया जा रहा है, वह उनके भविष्य में बहुत काम आएगा। उन्होंने उत्साह व्यक्त करते हुए कहा कि वे जल्द ही अपने उत्पाद बनाकर आत्मनिर्भर बन सकेंगी। महिलाओं के अनुसार, बाजार में इन इको-फ्रेंडली उत्पादों की काफी अच्छी मांग है।