जनगणना-2027 के लिए फील्ड ट्रेनर के तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम की अध्यक्षता करते उपायुक्त सो
- फोटो : एक्सप्रेस-वे पर हादसे के बाद खड़ी क्षतिग्रस्त कार। स्रोत पुलिस
लोग स्वयं वेब पोर्टल के माध्यम से अपनी जानकारी ऑनलाइन कर सकेंगे प्रस्तुत
38 फील्ड ट्रेनरों को दिए बारीकी से काम करने के निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। जिला सोलन में जनगणना-2027 की तैयारियां शुरू हो गई हैं। उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा ने कहा कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य को त्रुटिरहित पूरा करने के लिए प्रशिक्षण की अहम भूमिका है। मंगलवार को सोलन में आयोजित तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर की अध्यक्षता करते हुए उन्होंने नियुक्त किए गए 38 फील्ड ट्रेनर को तकनीकी और व्यावहारिक पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी। उपायुक्त ने बताया कि इस बार जनगणना में एक बड़ा बदलाव किया जा रहा है। जनगणना-2027 में पहली बार स्व-गणना पद्धति शुरू की जा रही है। इसके तहत नागरिक स्वयं वेब पोर्टल www.census.gov.in के माध्यम से अपनी जानकारी ऑनलाइन प्रस्तुत कर सकेंगे। उन्होंने अधिकारियों से इस प्रक्रिया को निष्ठा और ईमानदारी से पूरा करने का आह्वान किया। प्रशिक्षण शिविर के पहले दिन राजकीय महाविद्यालय नालागढ़ के मास्टर ट्रेनर डॉ. नरेश और राजकीय महाविद्यालय सोलन की रूपा कैथ ने फील्ड ट्रेनरों को जनगणना के विभिन्न पहलुओं और डिजिटल माध्यमों के उपयोग के बारे में प्रशिक्षित किया। इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त एवं नोडल अधिकारी जनगणना राहुल जैन, जिला मुख्यालय से जनगणना प्रभारी कोमल गर्ग और प्रियंका भारद्वाज सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
गोपनीय रहेगी जानकारी, जनता से सहयोग की अपील
डीसी ने स्पष्ट किया कि जनगणना के दौरान एकत्रित की गई सभी जानकारी पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। उन्होंने जिला वासियों से अपील की है कि जब जनगणना अधिकारी उनके घर पहुंचें, तो उन्हें सही और सटीक जानकारी उपलब्ध करवाएं ताकि डेटा संग्रहण में कोई गलती न हो।