तीन दिनों तक होंगी प्रतियोगिताएं और सांस्कृतिक कार्यक्रम
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। राजकीय महाविद्यालय सोलन में विश्व पर्यटन दिवस 2026 के उपलक्ष्य में तीन दिवसीय पर्यटन सप्ताह समारोह शुरू हुआ। महाविद्यालय के बीवॉक विभाग की ओर से आयोजित समारोह का प्राचार्या डॉ. शिवानी शर्मा ने शुभारंभ किया। आयोजन 26 सितंबर तक चलेगा।
प्राचार्या ने पर्यटन दिवस के कार्यक्रमों में खेलकूद प्रतियोगिताओं को शामिल करने का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों में टीम भावना, अनुशासन और आत्मविश्वास बढ़ाने में मदद करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से सभी गतिविधियों में उत्साह के साथ भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पर्यटन प्राकृतिक और सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देने के साथ रोजगार के अवसर पैदा करता है और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती देता है।
पहले दिन 24 सितंबर को विद्यार्थियों के लिए बैडमिंटन, वॉलीबॉल, 100 मीटर दौड़, कबड्डी और रस्साकशी प्रतियोगिताएं करवाई गईं। विद्यार्थियों ने प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर भाग लिया।
मेहंदी और नाटी प्रतियोगिता आज
पर्यटन सप्ताह के दूसरे दिन 25 सितंबर को मेहंदी, बेस्ट आउट ऑफ वेस्ट और नाटी प्रतियोगिताएं होंगी। इसके अलावा फूड फेस्ट का आयोजन भी किया जाएगा। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी रचनात्मक प्रतिभा और हिमाचली संस्कृति को प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।
मॉडलिंग प्रतियोगिता से होगा समापन
समारोह के अंतिम दिन 26 सितंबर को संस्कृति आधारित मॉडलिंग प्रतियोगिता होगी। इसके साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे और प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार दिए जाएंगे। बीवॉक विभाग के नोडल अधिकारी डॉ. मुकेश कुमार शर्मा ने बताया कि समारोह का उद्देश्य विद्यार्थियों को पर्यटन के महत्व से परिचित कराने के साथ उनकी रचनात्मकता को प्रोत्साहित करना है। कार्यक्रम के आयोजन में शिक्षक सौरव, राकेश कुमार खाची, कविता कंवर, दीक्षा, तरुणा, खुशबू, दीखा और दिव्या ने सहयोग किया।